महाराष्ट्र में तीन भीषण हादसों में 13 लोगों की मौत

दिंडोरी में एक ही परिवार के 9 लोगों का अंत

* नातेपुते और परशुराम घाट में भी बड़ी दुर्घटना
पुणे/ दि.4- राज्य में हुए तीन बड़े हादसों में 13 लोगों की दुखद मौत हो गई है जबकि 4 लोग घायल हुए हैं. नातेपुते के पास हुए हादसे में एक परिवार पर काल का कहर टूटा, जबकि परशुराम घाट में हुए हादसे में यात्री घायल हुए हैं. वहीं दिंडोरी में कुएं की दुर्घटना में एक ही परिवार के 9 लोगों की डूबकर मौत होने से पूरा महाराष्ट्र दहल गया है.
* विवाहित बेटी की मौत, दामाद गंभीर घायल
मुंबई से माळशिरस की ओर आ रही कार के चालक को नींद की झपकी आ गई. इसी दौरान कार से नियंत्रण छूट गया और कार सीधे नहर में जा गिरी. इस हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई. मुंबई के हनुमंत जठार, मंजुला जठार और प्रीती टिलेकर मृतकों के नाम हैं. जठार दंपति प्रीती टिलेकर के माता-पिता थे और इस हादसे में माता-पिता और विवाहित बेटी तीनों की पानी में डूबकर मौत हो गई. जबकि कार चला रहा दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया है. इस दुर्घटना से टिलेकर के दो छोटे बच्चों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है. यह घटना कल (शुक्रवार) को हुई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत नीरा दाहिनी नहर से कार बाहर निकालकर शव भी बरामद किए.
* परशुराम घाट में आधी रात भीषण हादसा; एक की मौके पर मौत, तीन घायल
मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर परशुराम घाट में शनिवार 4 अप्रैल को आधी रात करीब 12:15 बजे भीषण हादसा हुआ. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज चिपलूण के लाइफ केयर अस्पताल में जारी है. मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक संजय भंडारी (उम्र 28, निवासी कांची, तहसील नाशिक) अपने दोस्तों के साथ महिंद्रा कार से गणपती पुले घूमने जा रहा था. परशुराम घाट पहुंचने के बाद चालक ने तेज रफ्तार में कार चलाई और वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. इसके कारण कार सड़क के बाईं ओर जाकर पलट गई. इस हादसे में रोहित संतोष भालेकर (उम्र 28, निवासी इंदिरानगर, नाशिक) की मौत हो गई. जबकि कृष्णा संपत आव्हाड (उम्र 33, निवासी चापडगांव, तहसील निफाड), संदीप चंद्रभान डेरिंगे (उम्र 36, निवासी पलसे, नाशिक) तथा चालक प्रतीक भंडारी घायल हो गए और उन्हें तुरंत इलाज के लिए चिपलूण के अस्पताल में भर्ती कराया गया.
* दिंडोरी में भीषण हादसा, कार कुएं में गिरी, 9 लोगों की मौत                                                                                                  नाशिक के दिंडोरी में हुई कुएं की दुर्घटना से पूरा महाराष्ट्र दहल गया है. स्नेह सम्मेलन से लौट रहे दरगोडे परिवार के 9 लोगों की कुएं में डूबकर मौत हो गई। दिंडोरी तालुका के इंदोरे गांव का दरगोडे परिवार एक निजी क्लास के स्नेह सम्मेलन के लिए दिंडोरी शहर आया था. कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग अपनी ‘इर्टिका’ कार से घर लौट रहे थे. रात करीब 10 बजे शिवाजी नगर इलाके में राजू राजे के कुएं के पास चालक का नियंत्रण कार से छूट गया. इसके बाद तेज रफ्तार कार सीधे पानी से भरे कुएं में गिर गई. हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन कुआं गहरा और पानी से भरा होने के कारण कार को ढूंढना मुश्किल हो रहा था. साथ ही रात का अंधेरा होने से बचाव कार्य में बाधाएं आईं. सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और आपदा की टीम मौके पर पहुंची. आखिरकार क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक अंदर मौजूद सभी 9 लोगों की मौत हो चुकी थी.                             मृतकों की सूची                                                                                                                                                                सुनील दत्तात्रय दरगोडे (उम्र 32)
रेशमा सुनील दरगोडे (उम्र 27)
आशा अनिल दरगोडे (उम्र 32)
गुणवती सुनील दरगोडे (उम्र 11)
श्रेयश अनिल दरगोडे (उम्र 11)
श्रावणी अनिल दरगोडे (उम्र 11)
सृष्टी अनिल दरगोडे (उम्र 14)
समृद्धी राजेंद्र दरगोडे (उम्र 7)
श्रद्धा अनिल दरगोडे (उम्र 13)
(सभी निवासी इंदोरे, तहसील दिंडोरी)

Back to top button