15 हजार करोड का दीर्घावधि लोन जलसंपदा के लिए
11 अतिरिक्त जिलाधिकारी की होगी नियुक्ति

* पुरंदर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण
* राज्य मंत्रिमंडल के अनेक महत्वपूर्ण निर्णय
मुंबई ./दि.10- राज्य कैबिनेट ने आज की बैठक में कई अहम फैसले किए. जिसमें जलसंपदा विभाग के 40 प्रोजेक्ट और 100 नहरों के काम समय पर पूर्ण करने 15 हजार करोड रुपए दीर्घावधि के लिए कर्ज लेने की स्वीकृती दी गई. उसी प्रकार प्रदेश में 11 अतिरिक्त जिलाधिकारी की नियुक्ति का भी निर्णय कैबिनेट ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में किया. आज उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार भी बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व अन्य मंत्रियों सहित सहभागी हुई. मंत्रिमंडल ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत दादा को अनूठी श्रद्धांजलि देते हुए बारामती हेतु खेल संकुल के लिए 75 करोड रुपए का प्रस्ताव स्वीकार किया. ऐसे ही वालचंद नगर-रत्नापुर एमआईडीसी के लिए एक हजार एकड भूमि अधिग्रहण का निर्णय भी किया गया.
कैबिनेट बैठक में पुरंदर के विमानतल हेतु भूमि अधिग्रहण को मान्यता दी गई. अधिग्रहण हेतु लगनेवाला पैसा पूंजी बाजार से लिया जाएगा, यह निर्णय भी मान्य किया गया. विमानतल हेतु 96 प्रतिशत लोगों ने भूमि देने की तैयारी व मान्यता दे दी है, ऐसा कहा गया. तीसरी मुंबई बसाने की योजना को गति देते हुए अटल सेतु के पास नियोजन विभाग को दी गई जगह सिडको और एमआईडीसी के नियम लागू कर अधिग्रहण करने मंत्रिमंडल ने मान्यता दी है. जलसंपदा विभाग के सभी प्रकल्प अगले दो वर्षों में पूर्ण करने 15 हजार करोड रुपए के लोन को हामी दी गई है. परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने विधान मंडल परिसर में अजीत दादा का तैलचित्र लगाने की मांग कैबिनेट में उठाई. जिसे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सकारात्मक प्रतिसाद दिया. बजट सत्र से पहले अजीत दादा का तैलचित्र विधान मंडल में लगा दिया जाएगा.





