खडे ट्रक से 16 घरेलू सिलेंडर चोरी
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के टिपू सुलतान मार्केट परिसर की घटना

अमरावती/दि.4 – घरेलू गैस सिलेंडर से भरे हुए खडे ट्रक में से किसी ने 60 हजार 810 रुपए मूल्य के 16 एलपीजी इंडियन ऑइल कंपनी के सिलेंडर चुरा लिये. यह घटना प्रकाश में आने पर दर्ज की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. यह घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र के टिपू सुलतान मार्केट के पास घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक गुलिस्ता नगर परिसर के अकबर नगर निवासी मो. साजिद मो. नासिर (36) नामक चालक ने अपना एलपीजी सिलेंडर से भरा ट्रक 2 अप्रैल को गाडगे नगर थाना क्षेत्र में आने वाले टिपू सुलतान मार्केट के पीछे फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास खडा रखा था. दूसरे दिन सुबह वह ट्रक के पास पहुंचे तो उन्हें ट्रक के पीछे का लोहे का गेट खुला दिखाई दिया और ताला नीचे पडा था. ट्रक में से भरे हुए 16 एलपीजी इंडियन ऑइल कंपनी के सिलेंडर गायब थे. चोरी होने का पता चलते ही उन्होंने तत्काल गाडगे नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज की. पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 (सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





