2365 कंट्रोल यूनिट, 4759 बैलेट यूनिट राजस्थान रवाना

तीन जिला परिषद के लिए किया जाएगा इस्तेमाल

* संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में कडे बंदोबस्त में प्रक्रिया
अमरावती/दि.26-जिला परिषद-पंचायत समिति चुनाव के लिए जिले को ईवीएम मशीन व बैलेट यूनिट का स्टॉक मध्य प्रदेश से मिला था, जिनमें से 2365 कंट्रोल यूनिट व 4759 बैलेट यूनिट राजस्थान रवाना की गई. आरक्षण की सीमा का उल्लंघन होने से अमरावती जिला परिषद का चुनाव अगले आदेश तक के लिए टल गया है. जिससे अब जिला परिषद चुनाव में इस्तेमाल की जानेवाली वोटिंग मशीनें व कंट्रोल यूनिट का स्टॉक राजस्थान की तीन जिला परिषद चुनाव में इस्तेमाल के लिए भेजा जा रहा है. जिनमें से 2365 कंट्रोल यूनिट भीलवाडा भेजी जा रही है. उसी प्रकार 1400 बैलेट यूनिट अजमेर व 3365 बैलेट यूनिट उदयपुर को भेजे जाने की प्रक्रिया बुधवार को स्थानीय संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में बने स्ट्राँग रुम में शुरु थी. जिला चुनाव विभाग के अधिकारियों के अनुसार अमरावती जिप-पंस चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नई कंट्रोल यूनिट व बैलेट यूनिट भेजी जाएंगी. हालही में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में इन्हीं मशीनों का उपयोग किया गया था. यह स्टॉक मध्य प्रदेश से प्राप्त हुआ थ. वर्तमान में राजस्थान में जिला परिषद चुनाव के लिए इन मशीनों को रवाना किया गया. इन ईवीएम मशीनों की खेप प्राप्त करने राजस्थान प्रशासन का एक दल विगत चार दिन से शहर में मौजूद था. जिसके लिए जिले की सभी तहसीलों को भेजी गई मशीनों को संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में संकलित किया गया. आज यह स्टॉक कडे बंदोबस्त के बीच राजस्थान के लिए रवाना किया गया.

Back to top button