26 अध्यापक और स्टॉफ निलंबित

वाशिम का सामूहिक कॉपी प्रकरण

* शिक्षा विभाग द्वारा बडा एक्शन
वाशिम/अमरावती/दि.18 – जिले के तोजुमाडा गांव के मैनागिरि महाराज कनिष्ठ महाविद्यालय ने सोमवार को कक्षा 12 वीं के भौतिकशास्त्र के पेपर दौरान पकडी गई सामूहिक नकल को लेकर शिक्षा विभाग ने बडा कदम उठाया है. शिक्षाधिकारी सुश्री मंगल धुपे ने 26 अध्यापक और स्टॉफ कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. धुपे ने कहा कि, प्राथमिक रुप से उक्त प्रकरण मेें उपरोक्त टीचर्स को लिप्त पाया गया. इस आधार पर अभी निलंबित किया गया है. जांच अभी जारी है.
उल्लेखनीय है कि, उक्त परीक्षा केंद्र पर सोमवार को उडनदस्ते द्वारा छापा मारने पर 581 छात्र-छात्राओं की उत्तर पत्रिकाएं एक जैसी पायी गई थी. उसमें अध्यापकों द्वारा कॉपी करने में मदद करने का भी आरोप किया गया. इस छापे से समस्त शिक्षा जगत और अमरावती बोर्ड में खलबली मची. हाल के वर्षों में सामूहिक कॉपी का इतना बडा प्रमाण पहला होने का दावा कर अधिकारियों ने बडे एक्शन का संकेत दिया था.
जिला परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्पित चौहान ने भी परीक्षा केंद्र का मुआयना कर जांच करने कहा था. इस केंद्र पर 8 सीसीटीवी सुचारु अवस्था में पाये गये. वहीं जगह के अभाव में विद्यार्थियों को बेहद करीब बैठाया गया था. अब दो दर्जन से अधिक स्टॉफ के निलंबन से महकमे में हलचल बढी है. बता दें कि, वाशिम जिले में 600 से अधिक विद्यार्थियों को कॉपी करते पकडा गया है.

Back to top button