महंगाई भत्ते में तीन फीसद की वृद्धि

राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी

* 55 फीसद से 58 फीसद पर पहुंचा महंगाई भत्ता
मुंबई /दि.25 – महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. बढ़ती महंगाई के बीच लिया गया यह फैसला लाखों कर्मचारियों के लिए राहतभरा माना जा रहा है. विधान परिषद में वित्त राज्य मंत्री आशिष जयस्वाल ने इस संबंध में विधायक निवेदन प्रस्तुत किया. इसके बाद राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. इस निर्णय को मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस की स्वीकृति प्राप्त हुई है. सरकार के निर्णय के अनुसार राज्य शासकीय तथा अन्य पात्र कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत किया जाएगा. इस फैसले से वर्तमान महंगाई के दौर में कर्मचारियों की आय में बढ़ोतरी होगी और आर्थिक राहत मिलेगी.
* जुलाई 2025 से मिलेगा लाभ
बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जुलाई 2025 से प्रभावी माना जाएगा. जुलाई 2025 से अक्टूबर 2025 तक की बकाया राशि कर्मचारियों को मार्च 2026 में दी जाएगी. वहीं नवंबर 2025 से जनवरी 2026 की बकाया राशि के भुगतान को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे.
* करीब 14 लाख लोगों को फायदा
सरकार के इस निर्णय का लाभ लगभग 5.96 लाख कार्यरत सरकारी कर्मचारियों तथा करीब 8.12 लाख पेंशनधारकों को मिलेगा. राज्य सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है. वित्त राज्य मंत्री आशिष जयस्वाल ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनकी आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे निर्णय लगातार लिए जा रहे हैं.

Back to top button