5 न्यायाधीश के यहां हुई चोरी प्रकरण का लगा सुराग
9 सदस्यों वाला यह कुख्यात गिरोह मध्यप्रदेश के धार जिले का

* अमरावती एसआरपीएफ से चोरी हुई गाडी वहां मिली
* सभी आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर
अमरावती/ दि. 25 – 10 दिन पूर्व गाडगेनगर थाना क्षेत्र के कांता नगर परिसर में 5 न्यायाधीश और 4 न्यायालयीन कर्मचारियों के निवास स्थान पर हुई चोरी के मामले में पुलिस के दल को इस कुख्यात गिरोह का सुराग मिल गया है. 9 सदस्यों वाला यह गिरोह मध्यप्रदेश के धार जिले का है. पुलिस का दल एमपी पुलिस की सहायता से उन्हें दबोचने भी गया. लेकिन कोई भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा. किंतु पुलिस को वहां से अमरावती एसआरपीएफ से चोरी हुई एक दुपहिया बरामद हुई है. इस कारण चोरों का गिरोह धार जिले का ही रहने का विश्वास पुलिस को हो गया है.
बता दें कि 10 दिन पूर्व 15 फरवरी की रात गाडगे नगर थाना क्षेत्र ेके कांता नगर परिसर में 5 न्यायाधीश और 4 न्यायालयीन कर्मचारी के मकान ेंमें एक ही रात चोरी होने से पुलिस महकमें में हडकंप मच गया था. चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से भागते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे. पुलिस ने वह फुटेज जब्त कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी. दूसरी तरफ न्यायाधीश के निवास स्थानों पर चोरी होने से पुलिस आयुक्त राकेश ओला की भी इस प्रकरण में नजर थी. सीसीटीवी फुटेज विदर्भ के समेत सभी जिलों में भेजे गये थे. इस फुटेज के आधार पर पुलिस के आरोपियों की लिंक लगती गई. हाल ही में गाडगेनगर थाना क्षेत्र में भी दो ठिकानों पर हुई चोरी की घटना का वीडियों भी काफी वायरल हुआ था. सभी घटनाओं में यह कुख्यात सेंधमार एक तरह के ही कपडे पहने नजर आए. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर क्राइम ब्रांच का दल आरोपियों की तलाश में जुटा हुआ था. पुलिस मध्यप्रदेश के धार जिले तक पहुंची. मध्यप्रदेश पुलिस को भी घटना के फुटेज बताए गये. तब पुलिस ने भी बताया कि यह गिरोह धार जिले का है और वे भी उनकी तलाश कर रहे हैं. इस गिरोह ने अनेक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है. अमरावती पुलिस के साथ मध्यप्रदेश की पुलिस भी आरोपियों के ठिकाने तक पहुंची. लेकिन इस गिरोह का कोई भी सदस्य पुलिस के हाथ नहीं लगा. किंतु परिसर का सर्चिंग करने पर पुलिस को वहां से एक दुपहिया बरामद हुई. जो अमरावती एसआरपीए परिसर से चोरी हुई थी और उसकी शिकायत फ्रेजरपुरा थाने में दर्ज है. अमरावती की दुपहिया सेंधमारों के ठिकाने से मिलने के कारण अमरावती पुलिस को विश्वास हो गया कि अमरावती में हुई चोरियोंं में इसी गिरोह का हाथ है. पुलिस ने वह चोरी की दुपहिया जब्त कर ली है. यह भी पता चला है कि यह कुख्यात गिरोह 9 सदस्यों का है. पुलिस एमपी पुलिस की सहायता से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
100 जवानों ने घेरा था परिसर आरोपियों को पकडने
सूत्रों के मुताबिक अमरावती क्राइम ब्रांच पुलिस मध्यप्रदेश के धार जिले में पहुंचने के बाद वहां की पुलिस की सहायता से आरोपियों की बस्ती में घुसी थी. एमपी और अमरावती पुलिस के करीबन 100 जवानों ने इस बस्ती को घेरकर आरोपियों की तलाश शुरू की थी. लेकिन पुलिस के हाथ कोई भी आरोपी नहीं लगा.





