ऑनलाइन ई-नीलामी के नाम पर 5 लाख रुपए की ठगी
साईबर पुलिस ने किया मामला दर्ज

अमरावती /दि.13- शहर के अलबरार ट्रेडींग कंपनी के संचालक को स्क्रैप नीलामी की बिक्री की शर्त छीपाकर ऑनलाइन प्रणाली से ई-नीलामी में शामिल होने के लिए मजबूर कर 5 लाख रुपए से ठग लिया गया. कंपनी के संचालक द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर साईबर पुलिस ने गुजरात और तेलंगना के दोनों जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. ठगे गए व्यापारी का नाम हबीब नगर निवासी फिरोज खान मंजूर खान (45) है.
जानकारी के मुताबिक अहमदाबाद के प्रोक्योर टाईगर प्रा. लि. के मैनेजर आशीष वर्मा और तेलंगना के आसिफाबाद निवासी अनिलकुमार मांजेटी ने शिकायतकर्ता फिरोज खान को तेलंगना जिले के दि सिरपुर पेपर मिल्स लिमिटेड, सिरपुर कागज नगर नाम से स्क्रैप नीलामी-बिक्री शर्त छीपाकर ऑनलाइन प्रणाली से ई-नीलामी में शामिल होने के लिए मजबूर किया और सिरपुर पेपर मिल्स लिमिटेड के नाम से नीलामी के फर्जी कागजपत्र तैयार कर 5 लाख रुपए की जालसाजी की. शिकायत के आधार पर साईबर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





