सुनेत्रा पवार की दावेदारी के खिलाफ 5 विधायक

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर घमासान के बीच रोहित पवार ने किया दावा

मुंबई /दि.19- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर अंदरूनी खींचतान तेज हो गई है. विधायक रोहित पवार ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि सुनेत्रा पवार को अध्यक्ष बनाने के समर्थन पत्र पर 5-6 विधायकों ने हस्ताक्षर नहीं किए, जिससे पार्टी में मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं. विधायक रोहित पवार के अनुसार 35 विधायकों ने लिखित रूप से सुनेत्रा पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का समर्थन दिया. करीब 32-33 पदाधिकारियों ने भी सहमति पत्र दिया. लेकिन 5-6 विधायकों ने हस्ताक्षर नहीं किए, उन्होंने सवाल उठाया कि, क्या उन 5 विधायकों को सुनेत्रा काकी का अध्यक्ष बनना मंजूर नहीं?
साथ ही समर्थन देने वाले विधायकों का अभिनंदन करते हुए रोहित पवार ने कहा कि घोषणा कोई भी करे, लेकिन जमीनी स्तर पर विधायक और पदाधिकारी सुनेत्रा पवार के साथ हैं. रोहित पवार ने बिना नाम लिए वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल और प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे पर परोक्ष निशाना साधा. उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर न करने वालों में से किसी की अध्यक्ष बनने की इच्छा भी हो सकती है और जनता सब जानती है कि ये लोग कौन हैं.
* एआई वीडियो पर चेतावनी
इस बीच प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने अजित पवार से जुड़े कथित एआई वीडियो प्रसारित करने वालों को चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि किसी के आवाज में फर्जी और भ्रामक बयान प्रसारित करना गंभीर व दंडनीय अपराध है. ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर सामने आया यह विवाद पार्टी में नेतृत्व को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान का संकेत माना जा रहा है. आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गर्माने की संभावना है.

Back to top button