मनपा में ‘परकोट’ से हुए 6 नगरसेवक

4 निर्वाचित पार्षदों के साथ ही ‘परकोट’ से 2 स्वीकृत पार्षद भी सदन में

* ‘पुरानी अमरावती’ से सदन में कांग्रेस के 5 व भाजपा के 1 पार्षद का समावेश
* प्रभाग क्र. 14 से बुधवारा-जवाहर गेट से विलास इंगोले, सुनीता भेले, ललीता रतावा व डॉ. संजय शिरभाते हुए थे निर्वाचित
* आज ‘परकोट’ से वास्ता रखनेवाले अनिल अग्रवाल कांग्रेस के कोटे से व डॉ. संजय तिरथकर भाजपा के कोटे से बने स्वीकृत पार्षद
अमरावती/दि.20 – अमरावती महानगर पालिका के प्रभाग क्र. 14 बुधवारा-जवाहर गेट को अमरावती शहर की पारंपरिक ‘पुरानी अमरावती’ यानी परकोट क्षेत्र कहा जाता है. जिसका शहर की राजनीति में हमेशा से ही एक अलग स्थान और दबदबा रहा है. जो इस बार भी एक बार फिर मजबूत होकर सामने आया है, क्योंकि अमरावती मनपा के सदन में इस क्षेत्र से जुड़े कुल 6 नगरसेवक प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जिनमें 4 निर्वाचित पार्षद और 2 स्वीकृत पार्षद शामिल हैं.
बता दें कि, अमरावती शहर की राजनीति में पुराने शहर की हमेशा से ही निर्णायक भूमिका रहती आई है और परकोट क्षेत्र को शहर का सबसे पुराना और घनी आबादी वाला राजनीतिक रूप से सक्रिय इलाका माना जाता है. यही कारण है कि सदन में यहां के प्रतिनिधियों की संख्या हमेशा प्रभावशाली रहती है. इस बार भी ‘पुरानी अमरावती’ से कांग्रेस के 5 पार्षद एवं भाजपा का 1 पार्षद सदन में शामिल हुए है. ज्ञात रहे कि, प्रभाग 14 बुधवारा-जवाहर गेट से कांग्रेस के चार प्रत्याशी पार्षद निर्वाचित होकर मनपा के सदन में पहुंचे थे. जिनमें विलास इंगोले, सुनीता भेले, ललिता रतावा व डॉ. संजय शिरभाते का समावेश था. इन चारों के चुने जाने के बाद से ही परकोट का प्रतिनिधित्व मजबूत माना जा रहा था. वहीं परकोट परिसर से वास्ता रखनेवाले दो गणमान्यों के 2 स्वीकृत पार्षद चुने जाने से मनपा के सदन में ‘परकोट’ की स्थिति और भी अधिक मजबूत हुई है तथा अब मनपा में दो नए स्वीकृत पार्षदों के शामिल होने से परकोट का प्रभाव और बढ़ गया है.
बता दें कि, आज मनपा की पहली आमसभा में 8 स्वीकृत सदस्यों का चयन किया गया. जिनमें कांग्रेस के कोटे से संपादक अनिल अग्रवाल व भाजपा के कोटे से डॉ. संजय तिरथकर का भी समावेश रहा. खास बात यह है कि, यह दोनों स्वीकृत पार्षद प्रभाग क्र. 14 बुधवारा-जवाहर गेट यानि ‘परकोट’ क्षेत्र से वास्ता रखते है. जिसके चलते ‘परकोट’ क्षेत्र से 4 निर्वाचित और 2 स्वीकृत ऐसे कुल 6 सदस्य इस समय मनपा के सदन में है.
विशेषज्ञों के अनुसार सदन में परकोट क्षेत्र का यह मजबूत प्रतिनिधित्व आने वाले समय में पुराने शहर के विकास कार्य, यातायात और पार्किंग व मूलभूत सुविधाओं के प्रकल्प पर निर्णायक प्रभाव डाल सकता है. साथ ही महानगर की राजनीति में अब यह इलाका फिर से सत्ता संतुलन तय करने वाला केंद्र बनता दिखाई दे रहा है.
* मनपा के इतिहास में पहली बार किसी प्रभाग से एक ही पार्टी के 5 पार्षद
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि, परकोट क्षेत्र से वास्ता रखनेवाले अनिल अग्रवाल को कांग्रेस द्वारा अपने कोटे के तहत स्वीकृत पार्षद मनोनित किए जाते ही अमरावती मनपा के सदन में अपनी तरह का एक अनूठा रिकॉर्ड बन गया है. 4 सदस्यीय प्रभाग पद्धती वाली अमरावती मनपा में आज तक किसी भी एक प्रभाग से निर्वाचित व स्वीकृत मिलाकर 4 से अधिक सदस्य नहीं पहुंचे थे. परंतु इस बार प्रभाग क्र. 14 जवाहर गेट-बुधवारा से जहां कांग्रेस के 4 पार्षदों ने मनपा का चुनाव जीता. वहीं उसी प्रभाग से वास्ता रखनेवाले अनिल अग्रवाल भी कांग्रेस के कोटे से स्वीकृत पार्षद चुने गए. जिसके चलते प्रभाग क्र. 14 से कांग्रेस के पार्षदों की संख्या 5 हो गई है. ऐसा मनपा के इतिहास में पहली बार हुआ है.

Back to top button