जिले में आज ही 60 टैंकर की आपूर्ति
अफवाहों पर ध्यान न दें, भरपूर मात्रा में इंधन

* प्रीमियम पेट्रोल की खरीदी बंधनकारक नहीं
अमरावती/ दि.23 – जिला पेट्रोल पंप ओनर्स असो. ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल- डीजल की फिलहाल कोई किल्लत नहीं है. भरपूर मात्रा में तीनों सरकारी तेल कंपनियां इंधन की आपूर्ति कर रही है. इतना ही नहीं तो सामान् पेट्रोल डीजल के रेट भी बढाए नहीं गये हैं. प्रीमियम पेट्रोेल खरीदी का कोई बंधन नहीं होने की जानकारी असो. के सचिव सौरभ जगताप ने दी. उन्होंने लोगों से पेट्रोल- डीजल जैसे इंधन का उपयोग उचित रूप से करने की सलाह अवश्य दी और अपील भी की. जिले में 180- 200 के लगभग पंप होने की जानकारी है. एक दो पंप ड्राय हुए होंगे, किंतु आपूर्ति लगातार जारी है.
शासन और प्रशासन ने भी जिले में पर्याप्त मात्रा में इंधन होने की जानकारी देते हुए लोगों को अफवाहों से सावधान रहने की सलाह दी है. यह भी कहा कि गर्मी के दिनों को देखते हुए टेैंक फुल करवाने की हडबडी से बचना ही बेहतर रहेगा. सूत्रों ने बताया कि आज ही तीनों कंपनी मिलाकर लगभग 60 टैंकर से इंधन की आपूर्ति जिले में हुई है. तीन कंपनियों में बीपीसीएल, एचपीसीएल और इंडियन ऑइल का समावेश हैं. सूत्रों ने बताया कि पंप संचालकों द्बारा कंपनियों को भुगतान भेजते ही 2-ढाई दिन में माल डिलीवर हो रहा हैं. आगे राष्ट्रीय स्तर पर आपूर्ति बराबर हो रही है. फलस्वरूप अमरावती में अगले पखवाडे भर कम से कम कोई किल्लत नहीं रहनेवाली. पेट्रोल- डीजल इंधन भरपूर प्रमाण में रहने की जानकारी भी सूत्रों ने दी. दोबारा कहा कि अफवाहों पर यकीन करने से बचें. नाहक जरूरत न हो तो अपने वाहनों के टैंक फुल कराने से बचें.
अमरावती में सोशल मीडिया पर बार- बार अफवाहें फैलाई जा रही है. जिससे पंपों पर भीड बढने के साथ लोग अपने वाहनों के इंधन टैंक पूरी क्षमता से भरवा रहे हैं. इस बीच यह भी खुलासा किया गया कि प्रीमियम पेट्रोल खरीदे जाने की कोई अनिवार्यता नहीं है. किसी पंप पर केवल प्रीमियम पेट्रोल बचा है तो सामान्य पेट्रोल अगले किसी दूसरे पंप से लिया जा सकता है. बता दें कि प्रीमियम पेट्रोल के रेट सरकार ने गत गुरूवार से अचानक दो रूपए 35 पैसे प्रति लीटर बढा दिए. जिससे अमरावती शहर मे प्रीमियम पेट्रोल के दाम 114. 54 रूपए प्रति लीटर हो गये.





