जन्म-मृत्यु विभाग में सुधार के लिए 7 मनपा कर्मचारियों के तबादले
जन्म-मृत्यु विभाग में अनुभवी कर्मचारी नियुक्त

अमरावती/दि.11– महानगरपालिका आयुक्त के निर्देश पर जन्म-मृत्यु विभाग में कामकाज को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. नागरिकों को जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने में हो रही परेशानियों को देखते हुए गुरुवार, 9 अप्रैल को मनपा के 7 कर्मचारियों का इस विभाग में तबादला किया गया है.
सूत्रों के अनुसार, जिन कर्मचारियों का तबादला किया गया है, उन्हें संबंधित कार्य का अच्छा अनुभव है और उनकी कार्यशैली पारदर्शी मानी जाती है. इसी कारण सामान्य प्रशासन विभाग ने अनुभवी कर्मचारियों को इस महत्वपूर्ण विभाग में नियुक्त किया है. तबादलों में जोन क्रमांक 2 राजापेठ की महिला कर्मचारी उत्कर्षा अनासाने को मुख्य कार्यालय के जन्म-मृत्यु विभाग में स्थानांतरित किया गया है. वहीं सचिन पवार का तबादला लेखा परिषद विभाग से जन्म-मृत्यु विभाग, प्रसन्न चव्हाण का झोन क्रमांक-5 भाजी बाजार से जन्म-मृत्यु विभाग, आनंद बुंदेले का झोन क्रमांक-3 दस्तूर नगर से जन्म-मृत्यु विभाग, दिव्या हांडे का सहायक संचालक नगररचना विभाग से जन्म-मृत्यु विभाग, भूषण कास्देक का अतिरिक्त आयुक्त-2 कार्यालय से पशु चिकित्सा विभाग और प्रिया खोब्रागडे का कम्प्यूटर विभाग से अतिरिक्त आयुक्त-2 कार्यालय में किया गया है. यह सभी कर्मचारियों को तत्काल अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश सहायक आयुक्त श्रीकांत चव्हाण द्वारा जारी किये गये आदेश में दिये गये है.