धामणगांव में 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

उडनदस्ते की तीन गांवों में कार्रवाई

धामणगांव रेल्वे/दि.17 – तहसीलस्तर पर गठित उडनदस्ते ने सोमवार को धामणगांव, देवगांव और तलेगांव दशासर में छापा मार कार्रवाई करते हुए होटल और रेस्टॉरेंट से 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किये. देवगांव से 4 सिलेंडर जब्त किये जाने की जानकारी तहसीलदार अभय घोरपडे ने दी. उन्होंने होटल संचालकों और अन्य किसी को भी कमर्शियल उपयोग के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग कतई न करने की चेतावनी दी है. जिले में सिलेंडर जप्ती की यह तीसरी कार्रवाई है. इससे पहले अमरावती में एक होटल पर और दर्यापुर में अंजनगांव टी-प्वॉईंट के अनेक होटल्स पर कार्रवाई कर सिलेंडर जब्त किये गये थे. खाडी युद्ध के कारण गैस सिलेंडर पर राशनिंग की जा रही है. उसी प्रकार अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम एस्मा भी समस्त देश में लागू है.
घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग रोकने तहसील प्रशासन ने अभय घोरपडे के नेतृत्व में जांच शुरु की. निरीक्षण अधिकारी प्रवीण भागवत और आपूर्ति निरीक्षक साधना राउत ने चेकिंग की. होटल, चाय की टपरियों, खाद्य पदार्थों की गाडियों, रेस्टारेंट में जांच की गई. जिसमें 8 सिलेंडर पकडे गये. कार्रवाई से व्यापारी वर्ग में खलबली मची है.
* तहसीलदार घोरपडे का कहना
तहसीलदार अभय घोरपडे ने कहा कि, जिला आपूर्ति अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई है. आगे भी निर्देशानुसार कार्रवाई जारी रहेगी. तहसील में व्यावसायिक दुकानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कडी जांच में उडनदस्ते ने 8 सिलेंडर जब्त किये.

Back to top button