केएल कॉलेज के और 8 छात्रों का टीसीएस में चयन
वाणिज्य विभाग ने कायम रखी अपनी शानदार परंपरा

अमरावती /दि.24 – स्थानीय श्रीमती केशरबाई लाहोटी महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग के छात्रों ने अपनी सफलता की परंपरा को बरकरार रखा है. प्रसिद्ध बहुराष्ट्रीय कंपनी ‘टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज’ (टीसीएस) द्वारा आयोजित इन-कैंपस इंटरव्यू में महाविद्यालय के अब तक कुल 31 छात्रों का चयन किया जा चुका है. इसमें 2025 में स्नातक पूर्ण करने वाले 11 छात्र और 2026 में अंतिम वर्ष की परीक्षा देने वाले 20 छात्र शामिल हैं.
विशेष बात यह है कि 2026 बैच के लिए हुई इस प्रक्रिया में अभी भी कई छात्र चयन की प्रतीक्षा में हैं और यह संख्या बढ़ने की संभावना है. अब की बार चयनित 8 छात्रों में मुख्य रूप से पराग गजानन यादव, मंथन संजय तराले, वल्लभ कृष्ण गंडाले, अमित रामभाऊ मनोहर, राजेश्वरी निरंजन पन्नासे, नयन विनोद खंडारकर, श्रेया नितिन आंबडकर और सानिया सुरेंद्र धुमाले शामिल हैं.
उल्लेखनीय है कि, महाविद्यालय की करियर गाइडेंस कमेटी के निरंतर प्रयासों के कारण पिछले कई वर्षों से यहाँ के छात्र प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त कर रहे हैं. आवेदन करने और डीटी नंबर प्राप्त करने से लेकर दस्तावेजों की जाँच और क्रॉस-रेफरेंसिंग तक की संपूर्ण चयन प्रक्रिया में छात्रों को करियर गाइडेंस कमेटी की समन्वयक प्रोफेसर डॉ. श्रीमती सोनल संतोष चांडक का बहुमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त हुआ. साथ ही डॉ. अनिल प्रसाद, डॉ. ज्योति मंत्री, डॉ. जागृति व्यास, डॉ. आशीष मोहता, डॉ. रचना राठी, डॉ. संजय रेड्डी और डॉ. राजू वाघ ने विशेष सहयोग प्रदान किया.
छात्रों की इस सफलता पर श्री गणेशदास राठी छात्रालय समिति के अध्यक्ष वसंतकुमार मालपाणी, सचिव डॉ. गोविंद लाहोटी, सह-सचिव मोहन कलंत्री एवं अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने सराहना की है. इसके साथ ही महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजयकुमार भांगडिया, सभी शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने सफल छात्रों और समिति के सदस्यों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं.





