एलसीबी के छापे में साढे 9 किलो गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
चिखलदरा, चांदूर बाजार और दर्यापुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई

अमरावती/दि.10- जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के निर्देश पर मादक पदार्थ का अवैध व्यवसाय करनेवालों के खिलाफ जारी अभियान के तहत ग्रामीण अपराध शाखा के निरीक्षक किरण वानखडे के नेतृत्ववाले दल ने जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर मारे छापे में साढे 9 किलो ग्राम गांजा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हैं. यह कार्रवाई चिखलदरा, चांदूर बाजार और दर्यापुर थाना क्षेत्र में की गई. गिरफ्तार आरोपियों के नाम सोनाजी रामाजी बेलसरे, सैयद मुजीब सैयद मुजफ्फर और मधुकर शेषराव तायडे हैं.
जानकारी के मुताबिक जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने ग्रामीण क्षेत्र के सभी थानेदार और एलसीबी के दल को मादक पदार्थ की बिक्री अथवा तस्करी करनेवालों का पता लगवाने पर उन पर प्रभावी कारवाई करने के आदेश दिए थे. इसके तहत 9 मार्च को ग्रामीण अपराध शाखा के निरीक्षक किरण वानखडे के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक सचिन पुंडगे, सलीम शेख, भूषण भैसाने, पीएसआई सागर हटवार, नितीन इंगोले, मूलचंद भांबुरकर, हेड कांस्टेबल सुनील महात्मे, सैयद अजमत, निलेश डांगोरे, चेतन दुबे, स्वप्निल तंवर, मनोज ढवले, पंकज फाटे, बलवंत दाभने, रविंद्र बावणे, भूषण पेठे, संजय प्रधान, मंगेश लकडे, दिनेश कनोजिया, सुधीर बावणे, अमोल देशमुख, हर्षद घुसे के दल ने चिखलदरा थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान मिली जानकारी के आधार पर परतवाडा- धारणी मार्ग के भ्रांदी ग्राम निवासी सोनाजी रामाजी बेलसरे (63) के घर छापा मारकर 1 लाख 35 हजार रूपए मूल्य का 9 किलो 34 ग्राम गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसी तरह चांदूर बाजार थाना क्षेत्र में इंदिरा नगर परिसर में रहनेवाले सैयद मुजीब सैयद मुजफ्फर (44) के यहां मारे छापे में 5 हजार रुपए मूल्य का 214 ग्राम गांजा जब्त किया गया. एक अन्य कार्रवाई में दर्यापुर के पंचशील नगर निवासी मधुकर शेषराव तायडे (81) नामक व्यक्ति के घर छापा मारकर 5 हजार 720 रुपए मूल्य का 290 ग्राम गांजा जब्त किया गया. संबंधित पुलिस स्टेशन के अधिकारी मामले की आगे जांच कर रहे हैं.





