तीन माह दौरान शहर में हुए 9 मर्डर

नए साल की पहली तिमाही रही ‘रक्तरंजित’

* घरेलू विवादों में 6 व अपराधिक रंजिश में 3 हत्याएं हुई
* अपराध शाखा व शहर पुलिस ने सभी 9 मामलों में 23 आरोपी पकडे
* प्रत्येक वारदात में शामिल आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर पकडा गया
* ‘अनडिटेक्ट’ वारदात को भी पुलिस ने बेहतर तरीके से किया ‘डिटेक्ट’
* पिछले वर्ष 2025 की पहली तिमाही में हुई थी 8 हत्याएं, इस वर्ष 1 मर्डर ज्यादा
अमरावती /दि.31- जारी वर्ष 2026 के पहले तीन माह के दौरान अमरावती शहर में हत्या की 9 वारदातें हुई है. जिसके चलते कहा जा सकता है कि, नए साल की पहली तिमाही काफी हद तक रक्तरंजित रही. खास बात यह रही कि, हत्या की इन 9 वारदातों में से 6 वारदाते घरेलू विवाद के चलते हुई, यानि पारिवारिक विवाद की वजह से 6 लोगों की जान गई. वहीं हत्या की 3 वारदाते अपराधिक रंजिश के चलते हुई है. सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि, हत्या की सभी वारदातों में शामिल आरोपियों को अपराध शाखा व संबंधित पुलिस थानों द्वारा वारदात के बाद अगले 24 घंटों के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई और इन 9 वारदातों में कुल 23 आरोपी पकडे गए. साथ ही साथ पुलिस ने हत्या की अनसुलझी गुत्थीयों को बेहतरीन तरीके से सुलझाते हुए सभी मामलों का पर्दाफाश किया. यहां यह भी ध्यान दिलाया जा सकता है कि, गत वर्ष 2025 की पहली तिमाही के दौरान अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र अंतर्गत हत्या की 8 वारदातें घटित हुई थी. जिसमें इस वर्ष 1 मामले का इजाफा हुआ है.
* जारी वर्ष में हत्या की पुलिस थानानिहाय वारदाते
– खोलापुरी गेट – नयन वायधने हत्याकांड
खोलापुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत 10 फरवरी की रात नयन वायधने अपने कुछ दोस्तों के साथ महाजनपुरा परिसर में आयोजित रैली में शामिल होने के लिए गया था. जहां पर पुराने विवाद के चलते कुछ महिला व पुरुषों ने नयन को घेरते हुए उस पर चाकू से सपासप वार किए थे. इस हमले में बुरी तरह घायल नयन वायधने को इलाज के लिए इर्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां पर उसकी मौत हो गई थी. नयन के पिता नरेंद्र वायधने द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर खोलापुरी गेट पुलिस ने दीपक ईश्वर तायडे (40) व सागर ईश्वर तायडे (35, दोनों गांधी आश्रम निवासी) के साथ ही तीन महिलाओं को अपनी हिरासत में लिया था.
– नांदगांव पेठ – गौरव घोटेकार हत्याकांड
नांदगांव पेठ पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत 11 फरवरी की शाम गौरव घोटेकार व सौरभ घोटेकार (दोनों भालदारपुरा, अंजनगांव सुर्जी निवासी) नामक दो भाई अपनी दुपहिया से होकर गुजर रहे थे, तभी नांदगांव पेठ टोल नाके की ओर जानेवाले सर्विस रोड पर उनकी दुपहिया को पीछे से ट्रीपल सीट आ रही दुपहिया ने टक्कर मारी. इसे लेकर हुए विवाद के चलते दूसरी दुपहिया पर सवार आदेश रघुनाथ तेलमोरे (24, हनुमान मंदिर के पास, महादेवखोरी), दीप उर्फ यशोदीप विनायक वेलकर (25, महादेवखोरी) व रोहित संजय तायडे (वरुण नगर, कैलास नगर) ने दोनों भाईयों के साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हुए गौरव घोटेकार की जांघों पर चाकू से सपासप वार किए. जिसके चलते ज्यादा खून बह जाने की वजह से गौरव घोटेकार की मौत हो गई थी. पश्चात नांदगांव पेठ पुलिस ने 12 फरवरी को तीनों आरोपियों को धर दबोचा था.
– वलगांव – छोटेलाल हरदो हत्याकांड
वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटेलाल हरदो की हत्या खेत में जानवर चराने को लेकर हुए विवाद में कर दी गई थी. छोटेलाल हरदो वलगांव खेत परिसर में कामुंजा रोड पर स्थित छोटू गणेडीवाल के खेत में चौकीदारी का काम किया करते थे. जहां पर 31 जनवरी को शेख शाहरुख शेख तालिम (32, कामुंजा) ने अपने जानवरों को चराई के लिए छोड दिया था और जब छोटेलाल हरदो ने शेख शाहरुख से उसके जानवरों को बाहर निकालने हेतु कहा, तो शेख शाहरुख ने छोटेलाल हरदो के पेट पर लाथ-घूसों से कई प्रहार किए. जिसके चलते पेट के अंदरुनी हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने से छोटेलाल हरदो की मौत हो गई.
– वलगांव – प्रवीण गोटे हत्याकांड
वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रवीण देवीदास गोटे (45, खारतलेगांव, तह. भातकुली) का अक्सर ही उसकी पत्नी के साथ झगडा हुआ करता था और प्रवीण गोटे को शराब पीने की बुरी लत थी. यही वजह रही कि, 10 मार्च को दोपहर 3 बजे प्रवीण गोटे और उसकी पत्नी छाया गोटे के बीच एक बार फिर जमकर झगडा हुआ और इस दौरान छाया गोटे ने अपने पति प्रवीण गोटे के सिर पर घर में रखी किसी वजनी वस्तू से जोरदार प्रहार किया. जिसके चलते प्रवीण गोटे की मौके पर ही मौत हो गई. पश्चात पुलिस ने 12 मार्च की रात ही छाया गोटे को प्रवीण गोटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया.
– राजापेठ – शुभम हत्याकांड
स्थानीय राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत शशि बार में शराब पीने को लेकर हुए विवाद के चलते शुभम नामक युवक को अनूप पांडे (41, नवाथे नगर) ने चाकू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया था. जिसके बाद इलाज के दौरान शुभम की मौत हो गई थी. पता चला था कि, शुभम और उसका दोस्त गणेश पुसतकर शराब पीने के लिए 25 फरवरी को शशि बार में गए थे. जहां पर कोई जान-पहचान नहीं रहने के बावजूद अनूप पांडे उनकी टेबल पर आकर बैठा और उन्हें शराब ऑफर करने के साथ ही अपने साथ भोजन करने हेतु बाहर चलने के लिए कहने लगा. इससे इंकार करने पर अनूप पांडे चिढ गया और जब शुभम व गणेश पुसतकर अपना बील अदा करने के बाद वहां से जाने लगे, तो अनूप पांडे ने पीछे से आकर शुभम को खींचा और उसे चाकू मारकर मौके से भाग गया. जिसे पुलिस ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था.
– फ्रेजरपुरा – अमर व्यास हत्याकांड
फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पैसों की उधारी को लेकर हुए विवाद के चलतेे अमर मोतीलाल व्यास (महादेव खोरी) को 9 मार्च की शाम आदेश तेलमोरे (24), रोहित तायडे (23), यशोदीप वेलकर (25), जय कोकाटे (25), गौरव गजभिये (25), निश्रवय पोटफोडे (21), संजय वानखडे (23) व तुषार सुपनेर (25) ने मारपीट करते हुए कुएं में फेंककर मौत के घाट उतार दिया था. खास बात यह थी कि, अमर व्यास का शव करीब 20 दिन के बाद 1 मार्च को छत्री तालाब परिसर स्थित कुएं से अज्ञात शव के तौर पर बरामद हुआ था. जिसके बाद जब मामले की पडताल हुई, तो 4 आरोपियों की 3 मार्च को गिरफ्तारी की गई और पता चला कि, अन्य 4 आरोपियों में से 3 आरोपी पहले से ही न्यायिक हिरासत के तहत अमरावती जेल में बंद है. क्योंकि उन्होंने अमर व्यास की हत्या के बाद इस वारदात को छिपाने व इससे बचने के लिए नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र में जानबुझकर दो दुपहिया सवारों से झगडा किया था. लेकिन झगडे की उस वारदात में उनके हाथों एक और कत्ल हो गया था. जिसके लिए उन तीनों को नांदगांव पेठ पुलिस ने 12 फरवरी को ही गिरफ्तार किया था तथा उस वक्त नांदगांव पेठ पुलिस को भी पीसीआर के दौरान यह बात पता नहीं चल पाई थी कि, जिन तीन आरोपियों को उन्होंने हत्या की एक वारदात के लिए पकडा है, वे उस वारदात महज 24 घंटे पहले हत्या की एक और वारदात को अंजाम दे चुके थे.
– बडनेरा – रामू सावलकर हत्याकांड
बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत ईंट भट्टे पर काम करनेवाले रामू सावलकर की अनिल धुर्वे (35) ने 9 मार्च की रात पत्थर से वार करते हुए निर्मम हत्या कर दी थी. आरोप के मुताबिक रामू सावलकर को संदेह था कि, उसकी पत्नी और अनिल धुर्वे के बीच अनैतिक संबंध चल रहे है. जिसकी वजह से वह आए दिन अनिल धुर्वे के साथ झगडा किया करता था. इसी बात को लेकर 9 मार्च की रात 9 बजे के आसपास रामू सावलकर का अनिल धुर्वे के साथ एक बार फिर जमकर झगडा हुआ था. जिसके चलते अनिल धुर्वे ने रामू सावलकर को पटककर जमीन पर गिराया और फिर उसके सिर पर भारी-भरकम पत्थर दे मारा. जिससे उसकी मौत हो गई. पश्चात रामू सावलकर की पत्नी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर बडनेरा पुलिस ने 10 मार्च की रात अनिल धुर्वे को गिरफ्तार किया था.
– भातकुली – सडक हादसा साबित हुआ था हत्या का मामला
भातकुली पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत 25 मार्च को सडक हादसे में बब्बू गोंड की दुपहिया द्वारा मारी गई टक्कर के चलते मौत हो गई थी और उक्त दुपहिया वाहन मौके से भाग भी निकला था. पश्चात भातकुली पुलिस ने इस मामले की जांच-पडताल करते हुए सडक हादसे से संबंधित इस मामले में हत्या की धारा भी जोडी थी और चल्ली उर्फ अरुण खिलानसिंह गोंड (42) को 26 फरवरी की रात अपनी हिरासत में लिया था.
– राजापेठ – मनोहर बोरकर हत्याकांड
राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनेरी कॉलोनी परिसर की मत्स्यगंधा कॉलोनी परिसर में रहनेवाले यशवंत उर्फ राहुल बोरकर (30) ने 13 मार्च की रात 12 बजे के दौरान शराब पीने के लिए 100 रुपए नहीं दिए जाने की बात से गुस्सा होकर अपने ही पिता मनोहर बोरकर के सिर पर लकडी की बल्ली मारने के साथ ही लोहे की पावशी से उनके हाथ व पांव पर सपासप वार किए. जिसके चलते बुरी तरह घायल मनोहर बोरकर की इर्विन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पश्चात राजापेठ पुलिस ने पिता के हत्यारोपी बेटे यशवंत उर्फ राहुल बोरकर को 14 मार्च की दोपहर में गिरफ्तार किया.

Back to top button