भाजपा में दो दिन तक चलती रही महापौर पद के नाम को लेकर माथापच्ची

कल नागपुर में हुई थी कोर कमिटी की बैठक, आज अमरावती की बैठक में दो नामों पर लगी मुहर

अमरावती/दि.2 – मनपा के चुनाव पश्चात सर्वाधिक 25 पार्षद संख्या के साथ सदन में सबसे बडी पार्टी बनकर उभरी भाजपा ने अपने सहयोगी दलो के साथ चुनाव पश्चात गठबंधन करते हुए जहां एक ओर बहुमत के लिए जरुरी संख्या से अधिक पार्षदों का समर्थन जुटा लिया. वहीं दूसरी ओर महापौर पद पर अपना दावा पेश करने के साथ ही महापौर पद के लिए नामित किए जानेवाले नामों पर भी विचार-विमर्श करना शुरु किया था. जिसके तहत जहां गत रोज नागपुर में भाजपा कोर कमिटी की बैठक करते हुए कुछ नीतिगत निर्णय लिए गए. वहीं आज स्थानीय होटल महफिल में आयोजित बैठक में कमिटी द्वारा महापौर पद के लिए तय किए गए दो नामों पर अंतिम मुहर भी लगाई गई. जिसके तहत तय किया गया कि, अगले ढाई वर्ष के दौरान पार्टी द्वारा सवा-सवा वर्ष के कार्यकाल हेतु दो पार्षदों को महापौर के तौर पर काम करने का अवसर प्रदान किया जाएगा. जिसके तहत पहले सवा वर्ष श्रीचंद तेजवानी व अगले सवा वर्ष आशीष अतकरे महापौर होंगे.
जानकारी के मुताबिक गत रोज नागपुर में हुई भाजपा कोर कमिटी की बैठक में विधायक संजय कुटे, पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री उपेंद्र कोठेकर, पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल, शहराध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे, प्रदेश पदाधिकारी प्रा. दिनेश सूर्यवंशी, किरण पातुरकर, जयंत डेहनकर व शिवराय कुलकर्णी आदि की उपस्थिति रही. इस बैठक में कोर कमिटी द्वारा तय किया गया कि, विदर्भ की 4 में से 3 महानगर पालिकाओं में महापौर पद महिलाओं के लिए ही आरक्षित है और केवल अमरावती महापालिका में ही महापौर का पद सर्वसाधारण प्रवर्ग के लिए आरक्षित हुआ है. जहां पर किसी पुरुष पार्षद को महापौर निर्वाचित होने का अवसर मिल सकता है. जिसके चलते अमरावती में भाजपा की ओर से महापौर पद हेतु पुरुष पार्षद का नाम ही आगे बढाया जाएगा. यह तय होने के साथ ही कोर कमिटी द्वारा पार्टी के पुरुष पार्षदों के नामों पर विचार करना शुरु किया गया. उल्लेखनीय है कि, मनपा में भाजपा के कुल 25 पार्षद निर्वाचित हुए है. जिनमें 8 महिला पार्षद है और पुरुष पार्षदों की संख्या केवल 7 है. ऐसे में पार्टी की कोर कमिटी ने उन 7 नामों को में से ऋषिकेश देशमुख, आशीष अतकरे व श्रीचंद तेजवानी के नामों पर विचार-विमर्श करना शुरु किया. क्योंकि अन्य 4 पार्षदों में से चेतन गावंडे व संजय नरवणे इससे पहले महापौर रह चुके है तथा पार्टी में विगत कुछ समय से सक्रिय रहनेवाले मिलिंद बांबल पिछले चुनाव के समय किसी अन्य पार्टी में थे, जो हाल-फिलहाल के वर्षों के दौरान पार्टी में आए है. वहीं इस बार भाजपा की टिकट पर निर्वाचित प्रदीप उर्फ बंडू हिवसे ऐन चुनाव से पहले ही कांग्रेस छोडकर भाजपा में शामिल हुए थे. ऐसे इन 4 नामों को छोडकर शेष 3 नामों पर विचार किया गया. जिसके बाद यह तय किया गया कि, आशीष अतकरे और श्रीचंद तेजवानी लगातार दूसरी बार मनपा में पार्षद निर्वाचित हुए है. वहीं ऋषिकेश देशमुख के पार्षद निर्वाचित होने का यह पहला ही मौका है. अत: सवा-सवा वर्ष का कार्यकाल तय करते हुए तेजवानी एवं अतकरे को महापौर पद के लिए प्रत्याशी बनाया गया है.
नागपुर में हुई बैठक के बाद विधायक संजय कुटे व प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. उपेंद्र कोठीकर आज सुबह अमरावती पहुंचे. जिन्होंने होटल महफिल में पार्टी के सभी पार्षदों के साथ ‘वन टू वन’ चर्चा की. जिसके बाद भाजपा के साथ मनपा की सत्ता हेतु युति में शामिल राकांपा की विधायक सुलभा खोडके व युवा स्वाभिमान पार्टी के विधायक रवि राणा सहित दोनों पार्टियों के नवनिर्वाचित पार्षदों को भी होटल महफिल में बैठक हेतु आमंत्रित किया गया. जिन्हें भाजपा की कोर कमिटी द्वारा लिए गए फैसले से अवगत कराने के बाद तीनों दलों के नेता व पार्षद महापौर व उपमहापौर पदों के नामांकन हेतु मनपा मुख्यालय पहुंचे. जहां पर महापौर पद के लिए श्रीचंद तेजवानी व उपमहापौर पद के लिए सचिन भेंडे का नामांकन प्रस्तुत किया गया.
खोडके के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचकर सभी ने दी दादा को श्रद्वांजलि
खास बात यह रही कि, मनपा मुख्यालय में महापौर व उपमहापौर पदों के लिए नामांकन की प्रक्रिया को पूरी करने के उपरांत सभी लोग रेलवे स्टेशन रोड स्थित विधायक खोडके दंपति के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे. जहां पर सभी ने दिवंगत डेप्युटी सीएम अजीत पवार के अस्थिकलश का दर्शन करने के साथ ही उनकी स्मृतियों का अभिवादन किया और दिवंगत अजीत पवार को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की.

Back to top button