13 करोड का ठेका विवादित कंपनी को?

महापालिका बायोमायनिंग कॉन्ट्रैक्ट

* शहरी विकास मंत्रालय में शिकायत
* ब्लैकलिस्ट कंपनी कैसे चुनी
अमरावती/दि.2 – महापालिका प्रशासन ने घनकचरा प्रबंधन हेतु तीन सप्ताह पहले अपनाई बायोमायनिंग निविदा प्रक्रिया में विवादास्पद कंपनी का चयन किया. इस प्रकार की शिकायत शहरी विकास मंत्रालय से की गई है. शिकायत में दावा किया गया कि, चुनी गई भोपाल की नैकॉफ इंडिया प्रा. लि. कंपनी विवादों से घिरी है. कंपनी को ब्लैकलिस्ट भी किया गया है. बिहार कैग ऑडीट अहवाल में कंपनी पर टिप्पणियां किए जाने का दावा करते हुए प्रश्न उठाया गया कि, ऐसी कंपनी को अमरावती मनपा 13 करोड का ठेका कैसे दे सकती है?
* किसकी है नैकॉफ?
भोपाल की नैकॉफ इंडिया प्रा. लि. कंपनी एक राजनीतिक दल के विदर्भ संगठन प्रमुख के पुत्र की होने की जानकारी है. मनपा गलियारे में चर्चा हो रही है कि, कंपनी को बायोमायनिंग के काम का कोई अनुभव न रहने पर भी सीधे काम कैसे सौंपा जा रहा है. चर्चा है कि, प्रशासन पर दबाव लाया गया है. भोपाल मनपा ने 3.5 करोड प्रकरण में नैकॉफ को काली सूची में डाला था.
* 4 कंपनियों की निविदा
मनपा द्वारा बायोमायनिंग ठेका निविदा प्रक्रिया गत 10 जनवरी को जारी की गई. इस निविदा में 4 कंपनियों के ऑफर आए थे. उनमें आरएनपी इन्फ्रा. मुंबई, आरकेएफ पुणे, शिवप्रसाद बांदल एलएलपी पुणे और नैकॉफ इंडिया प्रा. लि. भोपाल का समावेश था. तकनीकी कारण सामने कर दो कंपनियों के ऑफर खारिज किए गए. फिर नैकॉफ और आरकेएफ पुणे के बीच प्रतिस्पर्धा हुई. पुणे की पीएमसी की रिपोर्ट पर नैकॉफ इंडिया प्रा. लि. को बायोमायनिंग के काम सौंपे गए. किंतु गणेश अनासाने ने शिकायत दी है कि, नैकॉफ को बायोमायनिंग का ठेका सौंपे जाने से पर्यावरण को नुकसान और महापालिका को आर्थिक नुकसान हो सकता है.
* क्या कहते हैं शहर अभियंता?
मनपा शहर अभियंता रवींद्र पवार ने कहा कि, बायोमायनिंग ठेका प्रकरण में गणेश अनासाने की शिकायत प्राप्त हुई है. इस बारे में प्रशासन स्तर पर जांच कर नियमानुसार योग्य उत्तर दिया जाएगा. पवार ने कहा कि, निविदा प्रक्रिया में ठेकेदार संस्था पात्र ठहराई गई थी.
गणेश अनासाने ने गत 30 जनवरी को शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव और महापालिका आयुक्त एवं शहर अभियंता के पास शिकायत की थी. उन्होंने अपनी शिकायत का उत्तर चाहा है.
* सदन में गूंजेगा मुद्दा
महापालिका प्रशासन द्वारा कथित रुप से नियमों को ताक पर रखकर भोपाल की कंपनी नैकॉफ को दिया गया बायोमायनिंग ठेका प्रकरण आनेवाले दिनों की आमसभा में चर्चित होने की पूरी संभावना बताई जा रही है. आगामी शुक्रवार 6 फरवरी को नवनिर्वाचित नगरसेवकों की आमसभा होने जा रही है. आमसभा में डोर टू डोर कचरा संकलन और अब बायोमायनिंग दोनों ठेके चर्चित होने की संभावना बताई जा रही है.

Back to top button