महिलाओं को भी रियल एस्टेट के सेक्टर में भागीदारी बढानी चाहिए

क्रेडाई एक्सपो में अभिनेत्री गिरीजा ओक ने किया आवाहन

* एक्सपो के सभी स्टॉल का किया मुआयना
अमरावती/दि.2-रियल एस्टेट सेक्टर पुरुष प्रधान है. इस सेक्टर में कई पुरुष सफल व्यवसायी भी साबित हुए हैं. हालांकि उनकी सफलता के पीछे उनकी पत्नियों का ही हाथ है, ऐसे में महिलाओं को भी रियल एस्टेट के सेक्टर में भागीदारी बढ़ानी चाहिए. उक्त विचार हैं अभिनेत्री गिरीजा ओक के, जिन्होंने क्रेडाई एक्सपो के मुआयने के बाद व्यक्त किए. मराठी फिल्मों और हिंदी व कन्नड फिल्मों व वेब सीरिज ने अपनी अदा और अभिनय का परचम फहरा रही गिरीजा ओक रविवार, 1 फरवरी को अमरावती में जारी क्रेडाई एक्सपो पहुंच थी. इस दौरान उन्होंने क्रेडाई एक्सपो की सभी स्टॉल का मुआयना किया और सभी बिल्डर्स के प्रोजेक्ट की जानकारी भी हासिल की. इस दौरान क्रेडाई के सभी पदाधिकारी भी मौजूद थे.
मुआयने के बाद अभिनेत्री गिरीजा ओक का क्रेडाई के पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया. इस दौरान गिरीजा ओक ने कहा कि उनका जन्म नागपुर में हुआ है और उनका परिवार यहीं रहता है. इसके चलते अमरावती, वर्धा और गोंदिया आदि जगहों पर उनके रिश्तेदार रहते हैं और इन शहरों में उनका आना-जाना लगा रहता है.
* टियर टू शहर जब प्रगति करते हैं तो अच्छा लगता है
गिरीजा ओक ने सम्मान कार्यक्रम के बाद हुए एक छोटे से संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हम अपने बचपन की जगह छोड़कर जीवन में बहुत कुछ हासिल करते हैं, लेकिन हमें आत्मिक शांति अपने शहर में ही मिलती है. इसलिए हमें अपने संसाधनों का उपयोग कर अपने शहरों को विकसित करना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि अमरावती जैसे टियर टू शहर जब प्रगति करते हैं तो अच्छा लगता है. क्योंकि जीवन में एक पड़ाव आता है जब व्यक्ति अपने शहर में मानसिक शांति और अपनेपन की तलाश में आता है और वहीं पर बसना पसंद करता है.
महिलाएं भी रियल एस्टेट सेक्टर में आगे आएं
संवाद के दौरान क्रेडाई की महिला विंग भी मौजूद थी. इस दौरान उन्होंने महिला विंग से पूछा कि उनमें से कितनी महिलाएं रियल एस्टेट के सेक्टर में वास्तविक तौर पर कार्य कर रही हैं. तो सिर्फ एक महिला ने ही हाथ उठाया. तब उन्होंने कहा कि क्रेडाई में इतने सफल लोग हैं और ये सफल इसलिए हैं क्योंकि आप महिलाएं अपने घर की जिम्मेदारी संभालती हैं. आपको आगे बढ़ना चाहिए और अब बिजनेस में भी अपने पति का हाथ बंटाना चाहिए.
* साडी बेचने वाले व्यापारियों का फायदा हो गया
संवाद के बीच हल्के-फुल्के सवालों के जवाब में जब उनसे पूछा गया कि नीली साड़ी का उनकी वीडियो वायरल होने के बाद शहर में नीली साड़ियों की बिक्री बढ़ गई थी तो उन्होंने तपाक से जवाब दिया कि चलो अच्छा है कि मेरी वजह से साड़ियों की बिक्री करनेवाले व्यापारियों का फायदा हो गया.                                                                                                                                             * हमें जो मिला, उसका सम्मान करें
संवाद के दौरान एक पल ऐसा भी आया जब गिरीजा ओक की सुंदरता की तारीफ की गई और उनसे सुंदर दिखने के टिप्स मांगे गए तो उन्होंने कहा कि हम जब भगवान से कुछ मांगते हैं और भगवान जब हमें वह चीज दे देते हैं तो उसका सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी हो जाती है. मैंने अभिनय के क्षेत्र में ऊंचाईयां मांगी थी और भगवान ने मुझे वह दिया भी. ऐसे में सुंदर दिखना मेरी जिम्मेदारी है और मैं इसका पूरा-पूरा प्रयास करती हूं कि मैं सुंदर दिखाई दूं.
* इंसान अकेलेपन की तरफ न जाएं
संवाद कार्यक्रम के दौरान गिरीजा ओक ने कहा कि आज के समय में इंसान बहुत जल्द स्वयं को अकेला महसूस करना शुरू कर देता है क्योंकि आजकल हर बात के पैसे लग रहे हैं. अगर वह घूमने जाने की सोचे तो उसे टोल भरना पड़ता है. कॉफी शॉप में जाए तो उसे खर्चा करना पड़ता है. अच्छे गार्डन में जाए तो उसे पैसे खर्च करने पड़ते हैं, ऐसे में इंसान कहीं जाना ही छोड़ देता है. शहर में अगर कुछ जगहें सार्वजनिक हो जहां पैसा नहीं लगता हो तो इंसान वहां जाकर बिना किसी खर्च के अपना मन बहला सकता है. इसलिए क्रेडाई को इस तरफ भी ध्यान देना चाहिए ताकि इंसान अकेलेपन की तरफ न जाए और सामुदायिक जीवन जीना सीख सके.
इन गणमान्योें की उपस्थिति
इस दौरान स्टेज पर क्रेडाई अध्यक्ष राजन पाटिल, उपाध्यक्ष कपिल आंडे और सचिव श्रीकांत धमार्ले मौजूद थे. जबकि कार्यक्रम के दौरान क्रेडाई की पूरी टीम के सदस्य शैलेश वानखडे, राम महाजन, पंकज देशमुख, संजय पर्वतकर, भूषण देशपांडे, निलेश ठाकरे, सचिन वानखड़े, धर्मेन्द्र चंदेले, अनिल विखे, रवीन्द्र गोरटे, सुदीप पेठे, कमल मालवीय, लक्ष्मीकांत जोशी, नितिन शेन्द्रा, प्रवीण धावले, नरेंद्र किंगरानी, मंगेश हजारे, दीपक गोदवानी, ज्ञानेश्वर हिवासे, रवि महल्ले आदि मौजूद थे. इसके अलावा इस कार्यक्रम में क्रेडाई की महिला विंग और यूथ विंग के सदस्य भी मौजूद थे.

Back to top button