प्रभाग की साफ-सफाई का टाइम टेबल रहेगा

नागरिकों को एसआई और सुपरवाइजर के नंबर

* सीसीटीवी और नाला सुरक्षा दीवार भी प्राथमिकता में
* नवनिर्वाचित भाजपा नगरसेवक मिलिंद बांबल का कहना
अमरावती/दि.4 – अमरावती महापालिका में पति और पत्नी के बारी-बारी से नगरसेवक चुने जाने का बिरला रिकॉर्ड मिलिंद बांबल और उनकी पत्नी विजया बांबल के नाम है. तीन भाईयों के संयुक्त परिवार के मुखिया मिलिंद बांबल ने इस बार भाजपा टिकट पर अंबापेठ-गौरक्षण प्रभाग 13 से बाजी मारी है. वे अमरावती मंडल से चर्चा दौरान बताते हैं कि, प्रभाग में साफसफाई का मसला उनकी विषय सूची में उच्च स्थान पर है. सफाई का नियमित टाइम टेबल होगा और इसे कडाई से लागू किया जाएगा. बांबल बताते हैं कि, हमारा प्रभाग रेसीडेन्सीअल और मार्केट का मिला-जुला प्रभाग है. इसलिए दैनंदिन साफसफाई की समयसारणी आवश्यक है. उसी प्रकार प्रभाग अंतर्गत अंबादेवी और एकवीरा देवी जैसे संस्थान होने से वीवीआईपी का भी आना-जाना जारी रहता है. इसलिए स्वच्छता पर लक्ष्य केंद्रीत करना आवश्यक है.
बांबल ने बताया कि, नई पहल करते हुए प्रभाग के लोगों को सैनिटरी इन्स्पेक्टर, सुपरवाइजर के नंबर्स दिए जाएंगे. नागरिक सीधे उनसे संपर्क कर अपने घर परिसर की गंदगी की शिकायत कर सकेंगे. इससे कार्य तेजी से होगा. बांबल ने यह भी बताया कि, सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का मसला भी उनके प्रभाग के लिए महत्वपूर्ण है. यह क्षेत्र व्यापारिक अधिक होने से यहां प्रमुख चौराहें और बाजार, अंबादेवी-एकवीरा देवी परिसर समाहित है. यहां सीसीटीवी की तत्काल आवश्यकता वर्षों से महसूस की जा रही है.
मिलिंद बांबल ने बताया कि, भारतीय जनता पार्टी की सत्ता मनपा में आरुढ होने जा रही है. ऐसे में भरपूर फंड लाकर प्रभाग के प्रलंबित विकास कार्यो को साकार करना तो है ही. पन्नालाल नगर नाला सुरक्षा दीवार का विषय भी महत्वपूर्ण है. इसके लिए भी वरीयता से प्रयत्न होगा. मिलिंद बांबल ने यह भी कहा कि, अंबादेवी और एकवीरा देवी में रोजाना समूचे राज्य से भाविक आते हैं. अत: उनकी सुविधार्थ अच्छी सेवाएं देने की नगरसेवक के रुप में भी हम सभी की जिम्मेदारी है.
* तीन भाईयों का संयुक्त परिवार
मिलिंद बांबल के दो भाई नितिन और दीपक है. तीनों भाई इकठ्ठा एक घर में संयुक्त रुप से रह रहे हैं. समाज के सामने यह भी एक आदर्श उन्होंने प्रस्तुत किया है. नगरसेवक मिलिंद बांबल के दो पुत्र प्रथमेश और सिद्धेश है. प्रथमेश ने बीई किया है. सिद्धेश कक्षा 12 वीं का विद्यार्थी है. उसी प्रकार दीपक और प्रीति को बेटी पूर्वा है. दीपक बैंक प्रबंधक है. नितिन और अनुजा को पुत्र रिद्धेश है. माताजी के मार्गदर्शन में संयुक्त बांबल परिवार प्रत्येक सुख-दुख का साथी है.
* पत्नी भी रही नगरसेविका
मिलिंद बांबल अपने क्षेत्र में प्रभावी कार्यकर्ता की छवि रखते हैं. वे पहले भी नगरसेवक रह चुके हैं. उसी प्रकार वॉर्ड महिला आरक्षित होने पर अपने कामकाज के बूते उन्होंने पत्नी विजया बांबल को मनपा चुनाव विजयी कर मनपा सदन भेजा था. उनका भी कामकाज प्रभावी रहा. आज अंबापेठ-गौरक्षण-नमूना जैसे प्रतिष्ठित और शहर के ठीक बीच में स्थित प्रभाग 14 की जिम्मेदारी के लिए नगरसेवक बांबल तैयार है. उन्होंने कहा कि, मूलभूत सुविधाओं से आगे विकास कार्य के लिए बीजेपी के तीनों नगरसेवक तत्पर रहेंगे. बांबल के साथ बीजेपी की स्वाती कुलकर्णी एवं लवीना हर्षे सतत दूसरी बार मनपा सदन पहुंची है.
* लगातार एक्टीव
मिलिंद बांबल भाजपा में प्रवेश के बाद लगातार सक्रिय रहे हैं. प्रधानमंत्री की मन की बात सामूहिक रुप से सुनने के अनेक कार्यक्रम लेने के साथ खेती-किसानी के विषय भी वे शासन दरबार में प्रभावी अंदाज में रखते आए हैं. कृषि विभाग से जुडी योजनाओं का लाभ किसानों को दिलवाने का भरसक प्रयास मिलिंद बांबल ने किया है.

Back to top button