उपमहापौर’ में युवा स्वाभिमान का समर्थन करेगी राकांपा
विधायक खोडके ने ‘युति धर्म’ का पालन करने की बात कही

अमरावती/दि.5 – अमरावती महानगर पालिका में सत्ता स्थापित करने हेतु भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल होने को लेकर राकांपा नेता व विधायक संजय खोडके द्वारा हामी भरने के बावजूद इस बात को लेकर संभ्रम देखा जा रहा था कि, महायुति के तहत उपमहापौर पद हेतु युवा स्वाभिमान पार्टी के प्रत्याशी की दावेदारी का विधायक खोडके और उनकी पार्टी के पार्षदों द्वारा समर्थन किया जाएगा अथवा नहीं, इस संभ्रम को दूर करते हुए विधायक संजय खोडके ने स्पष्ट कर दिया है कि, चूंकि अब वे मनपा में सत्ता स्थापित करने हेतु महायुति में शामिल हो चुके है. जिसके चलते अब वे ‘युति धर्म’ का पूरी तरह से पालन करेंगे. जिसका सीधा मतलब है कि, उपमहापौर के चुनाव में राकांपा द्वारा युवा स्वाभिमान पार्टी के प्रत्याशी व पार्षद सचिन भेंडे की दावेदारी का समर्थन किया जाएगा.
बता दें कि, विधायक रवि राणा के साथ विधायक खोडके दंपति की अदावत काफी लंबे समय से चली आ रही है और मनपा के चुनाव में भाजपा के साथ युवा स्वाभिमान पार्टी की युति होते देखने के बाद विधायक संजय खोडके ने मनपा चुनाव के लिए ‘एकला चलो’ वाली भूमिका अपनाई थी. साथ ही चुनाव पश्चात जब मनपा के सदन में ‘हंग असेंबली’ वाली स्थिति बनी और यह स्पष्ट हो गया कि, एक से अधिक राजनीतिक दलों द्वारा आपस में गठबंधन किए बिना मनपा में किसी की सत्ता स्थापित नहीं हो सकती. तो उस समय भी विधायक संजय खोडके ने साफ तौर पर कहा था कि, वे ऐसे किसी गठबंधन में शामिल नहीं होंगे. जिसमें विधायक रवि राणा व उनकी युवा स्वाभिमान पार्टी का सहभाग होगा. जिसके चलते लंबे समय तक मनपा में सत्ता स्थापना को लेकर तकनीकी पेंच फंसा रहा. हालांकि इस दौरान भाजपा और युवा स्वाभिमान पार्टी ने आपस में गठबंधन करते हुए महापौर व उपमहापौर पदों का बंटवारा भी कर लिया. जिसके चलते महापौर पद भाजपा व उपमहापौर पद युवा स्वाभिमान पार्टी के हिस्से में देने का फैसला किया. इसी बीच राकांपा के मुखिया व डेप्युटी सीएम अजीत पवार की हवाई हादसे में मौत हो जाने के चलते विधायक संजय खोडके के लिए राजनीतिक स्थितियां पूरी तरह से बदल गई. जिन्होंने सीएम फडणवीस के साथ हुई चर्चा के बाद भाजपा के साथ हाथ मिलाते हुए मनपा की सत्ता में शामिल होने का निर्णय लिया और महापौर पद के लिए भाजपा को अपना समर्थन भी घोषित किया. परंतु युति के तहत युवा स्वाभिमान पार्टी के हिस्से में दिए गए उपमहापौर के पद को लेकर विधायक खोडके ने आज दोपहर तक अपनी भूमिका स्पष्ट नहीं की थी. लेकिन आज दोपहर बाद जैसे ही भाजपा नेता व राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने विधायक खोडके दंपति के आवास पर सदिच्छा भेंट दी, उसके तुरंत बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेताओं ने यह स्पष्ट किया कि, राकांपा द्वारा उपमहापौर पद के चुनाव में ‘युति धर्म’ का पालन किया जाएगा, यानि युति का हिस्सा रहने के चलते राकांपा द्वारा युवा स्वाभिमान पार्टी के प्रत्याशी की दावेदारी का समर्थन किया जाएगा.





