10वीं-12वीं की परीक्षाएं 10 व 20 फरवरी से

परीक्षा अवधि में बिजली, परिवहन व सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

* नकलमुक्त व भयमुक्त परीक्षा के लिए सतर्कता समिति सक्रिय
* पत्रकार परिषद में जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने दी जानकारी
अमरावती/दि.5- वर्ष 2025-26 की कक्षा 12वीं की परीक्षा 10 फरवरी से तथा कक्षा 10वीं की परीक्षा 20 फरवरी से प्रारंभ होगी. 24 नवंबर 2024 को जारी सरकारी निर्णय के अनुसार परीक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखने हेतु एक सतर्कता समिति का गठन किया गया है, जिसकी बैठक भी संपन्न हो चुकी है. परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर विभिन्न विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान बिजली आपूर्ति अखंडीत रखने, परिवहन विभाग को विद्यार्थियों के लिए समय पर बस सेवा उपलब्ध कराने तथा पुलिस विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही राजस्व विभाग को भी विशेष टीम गठित कर परीक्षा संचालन में सहयोग करने को कहा गया है, ऐसी जानकारी जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने गुरूवार 5 फरवरी को आयोजित पत्रकार परिषद में दी.
जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने पत्रकारों को बताया कि कक्षा 10वीं की परीक्षा 187 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें 38,531 विद्यार्थी सम्मिलित हुए हैं. इनमें से 34 केंद्र अप्रचलित परीक्षा केंद्र हैं. इसी तरह कक्षा 12वीं की परीक्षा 137 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें 35,934 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं. लचीले परीक्षा केंद्रों की संख्या 4,377 है. लगभग 85 प्रतिशत परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. राज्य बोर्ड ने अप्रचलित परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों और केंद्र प्रमुखों के बदलाव के आदेश दिए हैं, जिनका पालन कर लिया गया है. कक्षा 10वीं के लचीले केंद्रों में 4 केंद्र महानगर क्षेत्र में तथा शेष ग्रामीण क्षेत्रों में हैं, जबकि कक्षा 12वीं के लिए नगरपालिका क्षेत्र में 1 लचीला केंद्र है. संभागीय बोर्ड द्वारा एक फ्लाइंग स्क्वाड नियुक्त किया गया है. पंचायत समिति स्तर पर प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों की भी नियुक्ति की जाएगी.
* नकलमुक्त व भयमुक्त परीक्षा पर जोर
जिलाधिकारी येरेकर ने बताया कि छात्रों और अभिभावकों को नकलमुक्त और भयमुक्त वातावरण में परीक्षा देने की शपथ दिलाई गई है. प्रत्येक छात्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए परीक्षा का संचालन तनावमुक्त माहौल में होना आवश्यक है. इसी उद्देश्य से संस्था प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई है. परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त ढंग से संपन्न हो.
* सहयोग की अपील
जिलाधीश आशीष येरेकर ने अंत में इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी अभिभावकों, शिक्षकों और परीक्षा से जुड़े सभी हितधारकों से अपील की है कि वे 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को स्वस्थ और शांत वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें. साथ ही विद्यार्थियों से भी आग्रह किया गया है कि वे मन लगाकर अध्ययन करें और बिना भय के परीक्षा दें.

Back to top button