अमरावती शहर को बनाएंगे विकसित महानगर

तमाम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

* सवा साल के कार्यकाल के हर दिन और हर पल का करूंगा सदुपयोग
* नवनिर्वाचित महापौर श्रीचंद तेजवानी ने व्यक्त किया दृढ़ संकल्प
* महापौर बनते ही दैनिक अमरावती मंडल को दिया विशेष साक्षात्कार
अमरावती/दि.6- अमरावती शहर को एक विकसित, आधुनिक और नागरिकों के लिए सुविधाजनक महानगर के रूप में स्थापित करने का संकल्प नवनिर्वाचित महापौर श्रीचंद तेजवानी ने व्यक्त किया है. महापौर पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने दैनिक अमरावती मंडल को दिए विशेष साक्षात्कार में कहा कि उनका सवा साल का कार्यकाल शहर के विकास के लिए निर्णायक साबित होगा और वे इस अवधि के हर दिन व हर पल का सदुपयोग जनहित में करेंगे.
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने कहा कि अमरावती एक तेजी से विकसित होता शहर है और यहां की बढ़ती आबादी को देखते हुए मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. शहर के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ पेयजल, सुचारू विद्युत आपूर्ति, बेहतर सड़कें, मजबूत जलनिकासी व्यवस्था, प्रभावी कचरा प्रबंधन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना उनकी कार्ययोजना का अहम हिस्सा होगा.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में अमरावती को प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाने का प्रयास किया जाएगा. सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने, नियमित सफाई व्यवस्था और नागरिकों की सहभागिता से शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की भी योजना है. महापौर तेजवानी ने स्वास्थ्य और शिक्षा को शहर के विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि महानगरपालिका के अंतर्गत आने वाले अस्पतालों, दवाखानों और शैक्षणिक संस्थानों की सुविधाओं में सुधार किया जाएगा. गरीब और मध्यम वर्ग के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
यातायात व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार किया जाएगा. सड़क सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियमों के सख्त पालन के लिए पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा. महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि महानगरपालिका का कामकाज पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा. डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिक सेवाओं को सरल और त्वरित किया जाएगा, ताकि आम जनता को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, महिलाओं के सशक्तिकरण और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी. सभी पार्षदों, अधिकारियों और नागरिकों के सहयोग से अमरावती को एक आदर्श महानगर बनाने का लक्ष्य रखा गया है. साक्षात्कार के अंत में महापौर श्रीचंद तेजवानी ने कहा, महापौर का पद मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. मैं अपने सवा साल के कार्यकाल का हर क्षण अमरावती शहर के विकास और नागरिकों के कल्याण के लिए समर्पित करूंगा.
* 11वीं तक ली है शिक्षा
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने बताया कि उन्होंने 11 वीं तक शिक्षा ली हैं. पहली से चौथी तक रामपुरी कैम्प की मनपा शाला नंबर 15 में शिक्षा लेने के बाद 5वीं से 11वीं तक गणेशदास राठी विद्यालय में उन्होंने शिक्षा ली. पिता का तीसरी कक्षा में रहते निधन हो गया था. उसके बाद उनके चाचा ने ही उन्हें पढालिखाकर बडा किया. चाचा की इच्छा डॉक्टर बनाने की थी. लेकिन आर्थिक परिस्थिति को देखते हुए उन्हें शिक्षा छोडनी पडी और 1988 से व्यापारी क्षेत्र में आ गए. शुरूआत में किराना दुकान और बाद में वीसीआर-कैसेट का व्यवसाय और बाद में केबल नेटवर्क का काम किया.
* समाजसेवा में रहते 2017 में लडा पहला चुनाव
श्रीचंद तेजवानी से अमरावती मंडल को बताया कि ‘बढते कदम’ नामक सोशल ग्रुप के माध्यम से वे वर्षों से समाज सेवा का कार्य करते आए हैं. इस ग्रुप में 40 सदस्य हैं. समाजसेवा का कार्य जारी रहते वर्ष 2017 में मनपा चुनाव लडा और निर्वाचित हुए. उन्होंने यह भी बताया कि नगरसेवक रहते अपने प्रभाग का काफी विकास किया. लेकिन फिर भी जो काम अधूरे रहे हैं, वह अब पूर्ण किए जाएंगे.
* छोटा परिवार हैं श्रीचंद तेजवानी का
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने बताया कि पिता के निधन के बाद वे संयुक्त परिवार में रहे हैं. उनका विवाह 1991 में हुआ. उनकी ससुराल अकोला की हैं. उनकी पत्नी कांचन की भी शिक्षा ज्यादा नहीं हैं. श्रीचंद को एक बेटा और एक बेटी हैं. बेटी दिव्या का भी विवाह हो गया है और उन्हें दो जुडवा बच्चे हैं. बेटे तुषार का भी कोरोना काल में विवाह हुआ और वह जयस्तंभ चौक स्थित प्रिन्सेस मार्केट में मोबाईल शॉपी चलाता हैं.
* सभी वरिष्ठ नेताओं का सहयोग
नवनिर्वाचित महापौर श्रीचंद तेजवानी ने बताया कि वह वर्षों से भाजपा से जुडे हुए हैं. सिंधी समुदाय की पांचो पंचायतों ने समुदाय का महापौर बनाने के लिए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को ज्ञापन दिया था. मुख्यमंत्री और पालकमंत्री समेत स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के कारण उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ हैं. उन्होंने कहा कि अब वे नवनिर्वाचित सभी नगरसेवकों व मनपा प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे. नागपुर की तरह अंबानगरी को सुंदर व स्वच्छ बनाने का उनका सपना हैं.
* स्वच्छता के लिए शहरवासियों का सहयोग जरूरी
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने कहा कि गली से लेकर दिल्ली तक भाजपा की सत्ता हैं. सवा साल के कार्यकाल में 24 घंटे काम करते रहेंगे. उन्होंने शहर की स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी हैं.

Back to top button