बाबासाहब की प्रतिमा बीचों बीच लगाएं
विलास इंगोले और बबलू शेखावत की मनपा सदन में मांग

* नहीं चलने देंगे सदन का कामकाज
अमरावती/ दि. 6- महापालिका आम चुनाव पश्चात पहली आमसभा में ही कांग्रेस के वरिष्ठ नगरसेवकों विलास इंगोले और बबलू शेखावत ने डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के अपमान का मुद्दा उपस्थित कर तेवर स्पष्ट कर दिए. बाबा साहब की प्रतिमा सदन के बिल्कुल बीचोंबीच उचित सम्मान से लगाने की मांग दोनों नगरसेवकों ने की. उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दे दी कि ऐसा न होने पर सदन की कार्यवाही नहीं चलने दी जायेगी.
कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत और पूर्व महापौर विलास इंगोले ने कडे तेवर दिखाते हुए कहा कि बाबासाहब आंबेडकर के नाम पर ही यह सदन है. इसी सदन में बाबासाहब की प्रतिमा कोने में लगाई गई है. यह संविधान के शिल्पकार का सरासर अपमान हैं. दुखद है. यह प्रतिमा सदन के केन्द्र स्थान पर लगाने की मांग दोनों कांग्रेस नेताओं ने की. उन्होंने यह भी कह दिया कि अगली आम सभा में हमारी डिमांड पूर्ण हो जानी चाहिए. अन्यथा सदन की कार्यवाही चलने नहीं देंगे. लोकशाही मार्ग से आंदोलन करेंगे. बाबासाहब आंबेडकर ने हमें संविधान और विचारों की विरासत दी है. अमरावती मनपा प्रशासन और नये महापौर तथा उप महापौर ने इस ओर ध्यान देने की मांग शेखावत और इंगोले ने की.