नांदगांव पेठ में 140 एकड में आयटी पार्क
मुख्यमंत्री ने कर दिया है अधिकृत ऐलान

* अमरावती से पढे लिखे हजारों युवकों को यही मिलेगा जॉब
* किरण पातुरकर ने दी खुश खबर
अमरावती/ दि. 7- आयटी पार्क की स्थापना की अमरावतीवासियों द्बारा वर्षो से प्रस्तुत डिमांड पूर्ण करते हुए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को एडवांटेज विदर्भ उद्योग परिसर में घोषणा कर दी है. शुभ समाचार यह है कि नांदगांव पेठ एमआयडीसी के 140 एकड क्षेत्र में विश्वस्तरीय सूचना औद्योगिकी पार्क साकार किया जायेगा. जिससे मुंबई-पुणे और अन्य बडे शहरों की ओर से होता अमरावती के युवाओें का पलायन रूकेगा. यहीं हजारों की संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार साकार होंगे. यह स्वागतयोग्य जानकारी बीजेपी नेता और एमआयडीसी असो. के अध्यक्ष किरण पातुरकर ने आज दोपहर पत्रकार परिषद में दी. इस समय बीजेपी वरिष्ठ नेता प्रा. रवीन्द्र खांडेकर और गजानन देशमुख सहित अन्य मौजूद थे. किरण पातुरकर के प्रयासों की बदौलत ही अमरावती में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित हुआ है. गत दो वर्षो से सेवारत है. शासकीय मेडिकल कॉलेज के लिए भी बडनेरा के पास आलियाबाद में 11 एकड जमीन दो दिनों पहले ही राजस्व महकमे ने मेडिकल शिक्षा विभाग को अलाट कर दी है.
क्या- क्या होगा पार्क में
किरण पातुरकर ने प्रस्तावित आयटी पार्क के विषय में इस समय विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि यह केवल भवनों का समूह न रहकर पुनर्विकसित, भविष्यकालीन विश्वस्तर की आयटी इकोसिस्टम रहेगा. जिसमें डिजिटल कनेक्टिविटी, 1-जीबीपीएस से 10- जीबीपीएस स्केलेबल इंटरनेट, वायफाय- 6 और 6 ई रेडी कैम्पस, भरपूर बिजली और पावर बैकअप के लिए 66 केवी सबस्टेशन, डेटा सेंटर व क्लाउड रेडी सुविधा, सुरक्षित सर्वर रूम, रिकवरी और बिजनेस कंटीन्यूटी प्लानिंग और सायबर सुरक्षा के अनुरूप सभी बातें रहेगी. स्मार्ट बिल्डिंग और ऑटोमेशन बीएमएस और एआई आधारित सीसीटीवी सर्विलांस एवं स्मार्ट पार्किंग तथा यातायात प्रबंधन रहेगा.
पातुरकर ने बताया कि ऑफीस ऐसे तैयार हो जायेंगे कि प्लग एंड प्ले. रेडी टू यूज ऑफीस स्पेस, वीडियो कान्फरंस और इनोवेशन लैब वहां रहेगी. स्टार्टअप के लिए भी सुविधा होगी. कौशल्य विकास व स्टार्टअप इको सिस्टम रहेगा. विद्यार्थियों को इंटर्नशिप सुविधा मिलेगी. भविष्य की भी तैयारी की जा रही है. फाइव जी और एज कंप्युटिंग रेडी इवी चार्जिंग स्टेशन और ईएसजी नार्म्स रहेगे. विस्तार के लिए आरक्षित जगह होगी.
क्या मिलेगा अमरावती को
किरण पातुरकर ने बताया कि अमरावती के पढे लिखे युवाओें को स्थानांतरित नहीं होना पडेगा. हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार स्थानीय युवाओं को मिलेंगे. विदर्भ की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी. अमरावती आयटी और उद्योगोें के नक्शे में आ जायेगा.
अभी जश्न नहीं
किरण पातुरकर ने बहुत ही स्पष्ट कहा कि आयटी पार्क की घोषणा पर हम आनंद नहीं मनायेंगे. भूमि पूजन, फंड, नियोजन और प्रत्यक्ष काम शुरू होने तक आयटी पार्क कृति समिति का फालोअप जारी रहेगा. उल्लेखनीय है कि समिति ने आयटी पार्क अमरावती में लाने के लिए लगातार दर्जनों बैठके, चर्चासत्र, जनप्रतिनिधियों, उद्योग और शिक्षाविदों को साथ लाकर मुख्यमंंत्री, उप मुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री से मुलाकात कर समय- समय पर आयटी पार्क के लिए अनुरोध किया.





