शिक्षक ने छात्राओं के मन से ‘भूत’ का भय निकाला
जि.प. कन्या माध्यमिक विद्यालय में जादूटोणा विरोधी जनजागृति कार्यक्रम

अमरावती/दि.10- विज्ञान के युग में भी समाज में फैली अंधश्रद्धाओं को दूर करने के उद्देश्य से जिला परिषद (माध्यमिक शाला) कन्या माध्यमिक विद्यालय, अमरावती में 10 फरवरी 2026 को जादूटोणा विरोधी जनजागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया. स्कूल में भूत है जैसी अफवाहों को प्रयोगों के माध्यम से गलत साबित करते हुए शिक्षक मंगेश खेरडे ने छात्राओं के मन से भय दूर किया और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्याध्यापक एवं गटशिक्षणाधिकारी संदीप बोडखे ने की. इस दौरान मंगेश खेरडे ने कमंडल में चावल से त्रिशूल फंसाना, हाथ पर आग रखना, ज्वालामुखी विस्फोट का प्रयोग, खाली पात्र से वस्तुएं निकालना तथा नींबू से ‘खून’ निकालने जैसे तथाकथित चमत्कार दिखाए. बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी प्रयोग रसायनशास्त्र और विज्ञान के नियमों पर आधारित हैं, न कि किसी प्रकार के चमत्कार. उन्होंने कहा कि भूत-प्रेत, करणी-बाधा जैसी धारणाएं केवल मन का भ्रम हैं और वैज्ञानिक सोच अपनाकर इनसे बचा जा सकता है. कार्यक्रम के दौरान मुख्याध्यापक संदीप बोडखे ने स्वयं हाथ पर जलता कपूर रखकर प्रयोग कर दिखाया. इसके बाद छात्राओं ने भी प्रत्यक्ष प्रयोग कर अनुभव लिया. इस अवसर पर जादूटोणा विरोधी कानून की जानकारी देते हुए मंगेश खेरडे ने कानून के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया. कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वैज्ञानिक सोच अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम की सफलता के लिए मुख्याध्यापक संदीप बोडखे के मार्गदर्शन में शिक्षक बालकृष्ण आंधले, शेषराव मडावी, विरेंद्र ब्राह्मण सहित समस्त शिक्षकवृंद व छात्राओं ने विशेष सहयोग किया.