रमाई आंबेडकर जयंती पर भव्य आंबेडकरी कवि सम्मेलन आयोजित

वरिष्ठ कवियों की महफिल ने समा बांधा

अमरावती /दि.11 – त्यागमूर्ति माता रमाई आंबेडकर की जयंती के अवसर पर रमाई बिग्रेड संगठन, जीवन विकास फाउंडेशन एवं दैनिक वृत्त राजवाडा के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक (इर्विन), अमरावती में आंबेडकरी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिवर्तनवादी व बुद्धिजीवी नागरिक उपस्थित रहे.
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ आंबेडकरी कवि शिवा प्रधान ने की. इस अवसर पर शब्दास्त्र प्रमुख प्रवीण कांबले ने प्रेरणादायी कविता प्रस्तुत करते हुए कहा-
माँ का फर्ज निभाने के लिये
रमाई का आँचल बन जावो,
वो मकाम हासिल करने के लिये
बस थोड़े से काबिल बन जावो.
कवि पद्माकर मांडवधरे ने ‘त्यागमूर्ति’ कविता के माध्यम से रमाई के त्याग और योगदान पर प्रकाश डाला. विद्रोही कवि अविनाश गोंडाणे ने अपनी ग़ज़ल के जरिए वर्तमान शोषणकारी व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की.
कवि देवानंद पाटिल ने ‘चळवळ’ कविता प्रस्तुत की, जबकि श्री न. डोंगरे, सुशांत मेश्राम, गोवर्धन रामटेके, कवयित्री पद्मा घरडे और आशा मेश्राम ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया.
कार्यक्रम का संचालन सुशांत मेश्राम ने किया तथा आभार प्रदर्शन आशा मेश्राम ने किया. आयोजक राजेंद्र उर्फ राजासाहेब वाटाणे ने सभी कवियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. अध्यक्षीय कविता ‘रमाई’ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.

Back to top button