जिले में सडक दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा
11 दिनों में 28 दुर्घटना, 16 की मौत, 32 गंभीर घायल

अमरावती /दि.12 – जिले में सडक दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आये दिन शहर और ग्रामीण क्षेत्र में लगातार सडक दुर्घटनाओं के मामले तेजी से बढते देखे जा रहे है, जो चिंता का विषय बना हुआ है. 1 से 11 फरवरी यानि बीते 11 दिनों में जिले भर में कुल 28 सर्वाधिक सडक दुर्घटनाएं घटी. इन हादसों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है और 32 लोग गंभीर रुप से घायल हुए है. यह चौकाने वाले आंकडे सामने आने से पुलिस के समक्ष भी ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने का दबाव बढ गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरवरी माह में सडक दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढता नजर आ रहा है. अधिकतर घटनाएं ग्रामीण क्षेत्र में घटी है. जिसमें जिले की विभिन्न तहसीलों का समावेश है. इन दुर्घटनाओं में मृतकों और घायलों में बडी संख्या युवकों की बतायी जा रही है. जिनकी उम्र 18 से 34 वर्ष के बीच है. वहीं गंभीर रुप से घायल हुए लोगों में से 18 व्यक्तियों को इलाज के लिए नागपुर भेजा गया है. आंकडों के मुताबिक जिले में हुई दुर्घटनाओं में करीब 90 प्रतिशत दुर्घटनाएं रात में हुई है. जिससे यह स्पष्ट होता है कि, रात में लापरवाही और तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है.
जिले में लगातार बढ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए नागरिकों में चिंता का विषय बना हुआ है. वहीं प्रशासन और यातायात विभाग पर भी सख्त कार्रवाई की मांग बढती जा रही है. जांच में सडक दुर्घटनाओं के पीछे कई कारण सामने आये है. इनमें ड्रंक एण्ड ड्राइव, राँग साइड वाहन चलाना, ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग, ओवर टेकिंग जैसे मामलों की संख्या अधिक पायी गई है.
बढती दुर्घटनाओं से यातायात नियमों का उल्लंघन साफ तौर पर नजर आ रहा है. हालांकि सभी दुर्घटनाओं को लेकर यातायात विभाग द्वारा निरंतर जनजागृति की जाती है. लेकिन अधिकतर लोग नियमों का उल्लंघन करते है. जिससे वे दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते है. वाहन चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट और हेल्मेट का प्रयोग करें, गति सीमा का पालन करें और शराब पीकर वाहन न चलाये. वाहन को हमेशा अच्छी स्थिति में रखे और समय-समय पर सर्विसिंग करवाये.