लतखोर बेटे के उत्पात से परेशान पिता ने किया चाकू से हमला
गंभीर अवस्था में बेटा जिला अस्पताल में भर्ती, उपचार जारी

* पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
* गाडगे नगर थाना क्षेत्र के बालाजी नगर की घटना
* नशे में धूत होकर आए दिन जख्मी युवक करता था माता-पिता से मारपीट
अमरावती /दि.12 – गाडगे नगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाजी नगर परिसर में एक दिल दहला देनेवाली घटना सामने आई है. यहां एक सेवानिवृत्त प्राध्यापक पिता ने अपने शराबी बेटे की हरकतों से तंग आकर सब्जी काटने वाले चाकू से सपासप वार करते हुए अपने बेटे को ही गंभीर रुप से घायल कर दिया. हमले में घायल बेटे की हालत नाजुक रहने से जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पिता के हमले में घायल हुए युवक का नाम सचिन अरविंद मानेकर (40, बालाजी नगर) है. जबकि आरोपी पिता का नाम अरविंद मानेकर है.
जानकारी के मुताबिक सचिन मानेकर पेशे से इंजीनियर है. जो कुछ साल पहले पुणे के एक अच्छी कंपनी में नौकरी पर था. शादी के बाद कुछ समय में उसका अपनी पत्नी से तलाक हो गया था. जिसके बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा. इसी दौरान उसे शराब की लत लग गई. बताया जा रहा है कि, बीते कई दिनों से सचिन रोजाना शराब के नशे में घर आकर अपने बुजर्ग माता-पिता को मानसिक व शारीरिक रुप से परेशान कर रहा था. वह उनके साथ अक्सर झगडा व मारपीट करता था.
बुधवार 11 फरवरी की रात भी सचिन ने शराब के नशे में माता-पिता से विवाद किया और मारपीट शुरु कर दी. बेटे के लगातार अत्याचार से परेशान होकर पिता प्रा. अरविंद मानेकर ने गुस्से में आकर घर में मौजूद सब्जी काटनेवाले चाकू से सचिन पर 6 वार कर दिए. घटना की जानकारी मिलते ही गाडगे नगर पुलिस थाने के थानेदार अतुल वर अपने दल के साथ घटनास्थल पहुंचे और तत्काल जख्मी सचिन को जिला अस्पताल पहुंचाया. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. फॉरेन्सिक दल भी घटनास्थल बुलाया गया. इस घटना से परिसर में खलबली मच गई. दूसरी तरफ हमले में सचिन मानेकर का अत्याधिक खून बहने के कारण उसकी हालत नाजुक बताई जाती है. फिलहाल आयसीयू में उस पर उपचार जारी है. गाडगे नगर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना से शिक्षित और शैक्षणिक वर्ग में सनसनी फैल गई है. नशे की लत किस तरह एक पूरे परिवार को तबाही के कगार पर ला सकती है, इसका एक उदाहरण बुधवार की रात को देखने को मिला. मामले की जांच गाडगे नगर पुलिस आगे कर रही है.





