बाइक का कट लगने पर उपजे विवाद में युवक की हत्या, भाई घायल
मृतक और जख्मी अंजनगांव सुर्जी के रहनेवाले

* नांदगांव पेठ में बुधवार रात की घटना
* घटना के बाद तत्काल नांदगांव पेठ पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
अमरावती (नांदगांव पेठ)/दि.12 – नांदगांव पेठ एमआईडीसी में बुधवार 11 फरवरी की रात 9 बजे के दौरान दुपहिया वाहन का कट लगने के विवाद पर से तीन युवकों ने दो सगे भाईयों पर तीक्ष्ण हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में 33 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि अपने भाई को बचाने के लिए दौडे छोटे भाई को भी हमलावरों ने चाकू से भोसकर गंभीर रुप से घायल कर दिया. हमले के बाद फरार हुए तीनों आरोपियों को नांदगांव पेठ डीबी स्क्वॉड के दल ने आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. घटना में मृत युवक का नाम गौरव सुधाकरराव घोटेकार (33) है, जबकि जख्मी भाई का नाम सौरभ सुधाकरराव घोटेकार (30) है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम दीपक उर्फ विनायक नेलकर (25), रोहित संजय तायडे (23) और आदेश रघुनाथ तेलमोरे (25) है. मृतक और जख्मी अंजनगांव सुर्जी के रहनेवाले बताए जाते है. जबकि तीनों आरोपी महादेव खोरी के रहनेवाले है.
जानकारी के मुताबिक मूल अंजनगांव सुर्जी निवासी गौरव और सौरभ घोटेकार नामक दोनों भाई नांदगांव पेठ के रेमंड कंपनी में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते है. पिछले 8 साल से सौरभ इस कंपनी में कार्यरत था और नांदगांव पेठ में ही रहता था. जबकि उसका बडा भाई गौरव घोटेकार यह केवल एक सप्ताह पूर्व ही अपने छोटे भाई के पास आकर कंपनी में कार्यरत हुआ था. बुधवार 11 फरवरी की रात दोनों भाई दुपहिया वाहन पर सवार होकर खाना खाने के लिए गए. ढाबे पर खाना खाने के बाद दोनों भाई नांदगांव पेठ की ही मेडिकल दुकान में दवाई लेने पहुंचे और वहां से दुपहिया पर सवार होकर नमन विहार स्थित अपने घर की तरफ जा रहे थे. बस स्टैंड परिसर में पहुंचने पर गतिरोधक आने से उनकी गाडी असंतुलित हो गई और वहां से गुजर रहे तीन युवकों की दुपहिया को कट लग गया. इस कारण घोटेकार बंधु और तीनों युवक नीचे गिर पडे. इसी बात पर से उनमें विवाद हो गया. इस विवाद के चलते रोहित तायडे ने गौरव के साथ मारपीट की और संतप्त हुए आदेश तेलमोरे ने कमर से चाकू निकालकर उस पर सपासप वार कर दिए. बडे भाई पर चाकू से हमला होते ही सौरभ बीच बचाव करने गया, तब आदेश तेलमोरे ने उस पर भी चाकू से वार कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया. अचानक हमला होने से परिसर में अफरातफरी मच गई. हमले में गौरव का अधिक रक्तस्त्राव होने से उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही नांदगांव पेठ पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल की तरफ दौड पडा. हमले के बाद तीनों आरोपी युवक वहां से भाग गए. इस दौरान एक रिक्शा चालक ने साहस कर दोनों भाईयों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित किया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आयुक्त राकेश ओला और पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे भी नांदगांव पेठ घटनास्थल पहुंचे. नांदगांव पेठ पुलिस ने हमलावरों की सरगर्मी से तलाश करते हुए आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना से परिसर में खलबली मच गई है. मामले की जांच नांदगांव पेठ पुलिस आगे कर रही है.
* गौरव पर किए 7 वार
इस हमले में आदेश तेलमोरे ने गौरव घोटेकार पर चाकू से सपासप 7 वार किए. दोनों पैरों पर चाकू के 7 वार होने से गौरव घटनास्थल पर ही गिर पडा, तब सौरभ अपने बडे भाई को बचाने के लिए दौडा, लेकिन निर्दयी आरोपियों ने उस पर भी हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया. एक सप्ताह पूर्व ही सपने लेकर नौकरी करने पहुंचे गौरव को क्या पता था कि, इस तरह उसका अंत होगा.
* तीनों आरोपी अपराधिक प्रवृत्ति के
नांदगांव पेठ पुलिस ने बताया कि, महादेव खोरी के रहनेवाले तीनों आरोपी दीपक नेलकर, रोहित तायडे और आदेश तेलमोरे अपराधिक प्रवृत्ति के है और उन पर मामले भी दर्ज है. इन तीनों आरोपियों को नांदगांव पेठ पुलिस ने आज न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है.