लंबे अंतराल के बाद चिखलदरा में भव्य अरबी जलसा

ईमान, हकीकत और भाईचारे का गूंजा पैगाम

* उलेमा-ए-कराम की मौजूदगी में मदरसे के बच्चों को पुरस्कार वितरित
चिखलदरा/दि.13 -करीब दस वर्षों के लंबे अंतराल के बाद चिखलदरा में भव्य अरबी जलसे का आयोजन किया गया. धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश का संचार किया. जलसे में ईमान की मजबूती, हकीकत की पहचान, आपसी एकता, भाईचारा और अच्छे अखलाक (नैतिकता) पर विशेष जोर दिया गया. कार्यक्रम का आयोजन शेख नुरुद्दीन के नेतृत्व में किया गया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं. उन्होंने युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ दीन की समझ विकसित करने की प्रेरणा दी.
मदरसा तालीमुल कुरआन के विद्यार्थियों ने मंच से प्रभावशाली तकरीरें पेश कीं. छात्रों ने अपने विचारों में बताया कि समाज की मजबूती अच्छी तालीम, बेहतर संस्कार और आपसी मोहब्बत से ही संभव है. नन्हें विद्यार्थियों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया. जलसे में विशेष रूप से अमरावती से पधारे मौलाना मुफ्ती अब्दुल अजीम हुसैनी की गरिमामयी उपस्थिति रही. इसके अलावा कारी हम्माद जी, मौलाना अवेज, मौलाना परवेज, मौलाना अब्दुल मोईज, मौलाना रिहान और मौलाना मसूद की विशेष मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी प्रतिष्ठित बना दिया. उलेमा-ए-कराम ने अपने बयान में समाज में एकता, भाईचारे और नेक राह पर चलने का संदेश दिया.
कार्यक्रम के समापन पर मदरसे के बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए. पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी. मौलाना ईरबाज को मदरसे में बच्चों को अच्छी और नैतिक शिक्षा देने के लिए सराहा गया. शहरवासियों ने कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन से बच्चों में धार्मिक और सामाजिक मूल्यों का सुंदर विकास हो रहा है. लंबे समय बाद आयोजित इस अरबी जलसे ने चिखलदरा में आध्यात्मिक वातावरण का सुंदर उदाहरण पेश किया और समाज को एकता, सद्भाव और सकारात्मक सोच का मजबूत संदेश दिया.

नगराध्यक्ष शेख अब्दुल की उपस्थिति
नगराध्यक्ष शेख अब्दुल भी सादगी के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहे. उन्होंने किसी विशेष मंच या व्यवस्था का लाभ न लेते हुए आम नागरिकों के बीच बैठकर पूरा जलसा सुना. उनकी इस विनम्रता और सरल स्वभाव ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. उपस्थित नागरिकों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का ऐसा व्यवहार उन्हें जनता के और करीब लाता है.

Back to top button