भीम नगर में जर्जर सरकारी शौचालय हटाकर अन्नाभाऊ साठे समाज मंदिर निर्माण की मांग

आद्यक्रांति गुरु लहूजी सालवे मित्र मंडल ने जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.13 – शहर के भीम नगर एवं सिद्धार्थ नगर क्षेत्र के नागरिकों ने जर्जर हालत में खड़े सरकारी शौचालय को हटाकर वहां लोकशाहीर डॉ. अन्नाभाऊ साठे के नाम पर स्वतंत्र समाज मंदिर निर्माण की मांग की है. इस संबंध में आद्यक्रांति गुरु लहुजी सालवे मित्र मंडल, भीम नगर एवं सिद्धार्थ नगर के पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने जिलाधिकारी आशीष येरेकर को ज्ञापन सौंपा है.
ज्ञापन में बताया गया है कि भीम नगर में तंतरपाले एवं थोरात परिवार के घर के समीप स्थित सरकारी शौचालय वर्ष 2008 से उपयोग में है, लेकिन वर्तमान में उसकी हालत अत्यंत खराब हो चुकी है और वह गिरने की कगार पर है. इससे आसपास रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है.नागरिकों ने बताया कि पिछले लगभग 60 वर्षों से क्षेत्र में लोकशाहीर डॉ. अन्नाभाऊ साठे के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन स्वतंत्र समाज मंदिर नहीं होने के कारण कार्यक्रम सावले कॉलोनी रोड अथवा सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित करने पड़ते हैं, जिससे यातायात एवं नागरिकों को असुविधा होती है.
क्षेत्र में पहले से ही डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पुस्तकालय, बुद्ध विहार एवं नालंदा बुद्ध विहार जैसे सामाजिक केंद्र मौजूद हैं, परंतु लोकशाहीर डॉ. अन्नाभाऊ साठे के नाम से कोई समाज मंदिर नहीं है. नागरिकों का कहना है कि यदि समाज मंदिर का निर्माण किया जाता है तो सभी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम वहीं आयोजित किए जा सकेंगे. जिससे क्षेत्र के नागरिकों और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और सार्वजनिक मार्गों पर होने वाली असुविधा भी समाप्त होगी. नागरिकों ने महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि जर्जर सरकारी शौचालय को हटाकर उक्त स्थान समाज मंदिर निर्माण के लिए उपलब्ध कराया जाए, जिससे क्षेत्र के सामाजिक विकास को बढ़ावा मिल सके. ज्ञापन सौंपनेवालों में सुनंदा सावले, लीलाबाई गोडबोले, संतोष जाधव, दिलीप आमटे, रोहिणी सावले, अंकुश वानखडे, महादेव सावले, नितिन केने, मालूबाई सोनोने, रामकृष्ण सरवटकर, मोहन कदम, विद्या लांजेवार, कैलास खडसे, आकाश वानखडे, स्नेहा तांबे, भारत सावले, दिनेश गायकवाड, राजेश हिवराले, राजेश्वर सावले, पूनम वानखडे, सुमन इंगले, संदीप गालफाडे, संध्याताई अढाऊ, वर्षा खंडारे, कमला खंडारे, कांता जाधव, वर्षा स्वर्गे, रुकमाबाई खंडारे, उमेश कलाने, लक्ष्मी अंभोरे, अशोक मिसाल, अनिकेत गायकवाड, नंदा तांबे, ज्योति खंडारे, प्रकाश अढाऊ, दीपक खंडारे, किरण अढाऊ, मालताबाई वानखडे, सतीश वानखडे, सुरेश डोंगरे, राजकुमार डोंगरे, मंगल सावले, संगीता डोंगरे, रोहण सावले समेत अनेक लोगों का समावेश था.

Back to top button