फिटनेस रसीद जारी करने की प्रक्रिया पुन: शुरु

अमरावती फोर व्हीलर ऑटो डिल संघ के प्रयास सफल

अमरावती /दि.16 – पिछले 10 से 15 दिनों से क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में मालवाहक वाहनों की फिटनेस रसीद जारी करने का कार्य बंद था. कार्यालय द्वारा बताया गया था कि, आंतरिक कम्प्यूटर त्रृटी के कारण यह प्रक्रिया बाधित हुई थी.
इसके चलते अमरावती फोर व्हीलर ऑटो डिल संघ, जिला अमरावती से पंजीकृत लगभग 125 सदस्य, जो पुराने वाहनों की खरीद-फरोख्त का व्यवसाय करते हैं, वे परेशानी में आ गए थे. क्योंकि फिटनेस रसीद जारी न होने से संघ से जुडे अनेक व्यापारी गंभीर रुप से प्रभावित हुए. कई ग्राहकों के साथ्ज्ञ विवाद की स्थिति बनी, कई सौदे रद्द हो गए और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पडा.
यह पहली बार नहीं था, जब व्यापारियों को ऐसी समस्या का सामना करना पडा. कुछ महीनों पहले संबंधित कार्यालय ने बीना पूर्व तैयारी के स्पीड गव्हर्नर संबंधी कानून का प्रावधान अचानक लागू कर दिया था. उस समय भी कार्यालय की ओर से स्पष्ट मार्गदर्शन उपलब्ध नहीं कराया गया. जिससे व्यापारियों को लगभग एक महीनों तक परेशानियों का सामना करना पडा. मौजूद समस्या के संबंध में कुछ व्यापारियों ने संघ की आरटीओ शिकायत निवारण समिति को विधिवत लिखित शिकातें दी. इसके बाद 13 फरवरी 2026 को समिति के सदस्य आरटीओ कार्यालय में ज्ञापन लेकर पहुंचे. उस समय दोनों वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित नहीं थे.
प्रतिनिधि मंडल ने तत्काल डेप्युटी आरटीओ का कार्यभार संभाल रहे बरताडे साहब से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और पूरी स्थिति से अवगत कराया. साथ ही स्पष्ट किया कि, यदि 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संघ आंदोलन और अनशन जैसे कदम उठाने को बाध्य होगा. मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों ने तुरंत क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी. इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मालवाहक वाहनों की फिटनेस रसीद जारी करने की प्रक्रिया पुन: प्रारंभ कर दी गई.
अमरावती फोर व्हीलर ऑटो डिल संघ की ओर से आरटीओ शिकायत निवारण समिति के सदस्य संदीप संघई, प्रसिद्धि प्रमुख नासिर भाई सोलंकी और बाबाभाई नवाब ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के साथ चर्चा कर इस विषय पर सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया. आरटीओ विभाग में ऑनलाइन कार्य करने वाले दुकानदारों ने भी अमरावती फोर व्हीलर ऑटो डिल संघ तथा आरटीओ शिकायत निवारण समिति के प्रति आभार व्यक्त किया.

Back to top button