डॉक्टर ने की आत्महत्या की कोशिश
सुसाइड नोट लिखकर पुलिस पर लगाया प्रताडना का आरोप

* मामला गरीब दम्पत्ति की बच्ची को बेचने का
भंडारा /दि.16 – गोंदिया जिले के गरीब दम्पत्ति की बच्ची को 2 लाख रुपए में बेचने के मामले में नया मोड आ गया है. गिरफ्तारी से बचने के लिए दर-दर भटक रहे आरोपी डॉ. नितेश वाजपेयी ने शनिवार की रात आत्महत्या की कोशिश की. आरोपी डॉक्टर खुद के वाहन से मध्यप्रदेश के कटंगी से तुमसर आ रहा था. तभी उसने ब्लेड से खुद पर वार किया. उसे तुमसर के उपजिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराने के बाद भंडारा के निजी अस्पताल में रेफर किया गया है.
बताया जाता है कि, उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है. जिसमेें उसने महिला व बाल कल्याण विभाग के अधिकारी पर 10 लाख रुपए की रिश्वत मांगने और पुलिस पर प्रताडना का आरोप लगाया है. पुलिस ने बताया कि, डॉ. वाजपेयी की तबीयत में सुधार होते ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा. इसके पहले पुलिस ने अस्पताल में काम करने वाली महिला ललेश्वरी सादेपांच और गोंदिया निवासी सागर सिक्का को गिरफ्तार किया है. वहीं, गोंदिया के रामनगर निवासी पोर्णिमा धुर्वे (30), उमेशसिंग गहलोत (48), पांढरा बोडी निवासी मालती वाघमारे की तलाश जारी है.
* मामले का मुख्य आरोपी है डॉ. वाजपेयी
बच्ची को बेचने के मामले में पुलिस ने न्यू बालाजी अस्पताल के संचालक डॉ. निलेश वाजपेयी को मुख्य आरोपी बनाकर उसकी तलाश शुरु की थी. इस मामले में कुल 6 लोगों को आरोपी बनाकर 2 को गिरफ्तार किया जा चुका है. अब सवाल उठाया जा रहा है कि, आरोपी डॉक्टर इस तरह से नई चाल चलकर कही पुलिस से बचने की कोशिश तो नहीं कर रहा है.





