अमरावती मनपा सभागार में भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर प्रतिमा को मिला केंद्रीय स्थान
कांग्रेस की मांग को मिली सफलता

* महापौर व उपमहापौर पद के चुनाव के समय उठाया था मुद्दा
अमरावती/दि.16- महानगरपालिका के विश्वरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागार में भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा को आखिरकार सभागार के केंद्रस्थल पर स्थापित कर दिया गया है. अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा मनपा के पूर्व विरोधी पक्ष नेता बबलू शेखावत और पूर्व महापौर विलास इंगोले द्वारा उठाई गई ठोस मांग के बाद प्रशासन ने यह निर्णय लिया.
इससे पहले डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा सभागार के एक कोने में लगाई गई थी, जिसे कांग्रेस नेताओं ने उनके महान व्यक्तित्व और योगदान का अपमान बताया था. 6 फरवरी 2026 को महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव के लिए आयोजित विशेष सर्वसाधारण सभा के दौरान बबलू शेखावत और विलास इंगोले ने इस मुद्दे पर कड़ी आपत्ति जताई थी. दोनों नेताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को सभागार के प्रमुख और केंद्रीय स्थान पर स्थापित नहीं किया गया, तो आगामी आमसभा में सभागार की कार्यवाही ठप कर दी जाएगी. उनकी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए महानगरपालिका प्रशासन ने प्रतिमा को अब सभागार के केंद्र में स्थापित कर दिया है. इस निर्णय पर संतोष व्यक्त करते हुए बबलू शेखावत और विलास इंगोले ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पूरे राष्ट्र के प्रेरणास्रोत हैं और उनके नाम पर बने सभागार में उनकी प्रतिमा को उचित सम्मान मिलना आवश्यक था. उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम डॉ. आंबेडकर के विचारों और योगदान को सम्मान देने वाला है. कांग्रेस नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी हमेशा डॉ. आंबेडकर के आदर्शों के संरक्षण और प्रसार के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी मजबूत भूमिका निभाते रहेंगे.





