खेत में गए आदिवासी किसान पर बाघ ने किया हमला

हमले में किसान गंभीर रुप से घायल

* चिखलदरा तहसील के रेट्याखेडा बहुल क्षेत्र की घटना
चिखलदरा/दि.17 – रात को अंधेरे में अपनी पत्नी के साथ खेत में गए 45 वर्षीय आदिवासी किसान पर पट्टेदार बाघ ने अचानक हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया. यह घटना चिखलदरा तहसील के रेट्याखेडा गांव में घटित हुई. हमले के बाद ग्रामवासी घटनास्थल की तरफ दौडने से बाघ जंगल में भाग गया. जख्मी किसान को प्राथमिक उपचार के बाद अमरावती के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. जख्मी किसान का नाम मुन्ना झापू जामुनकर है.
जानकारी के मुताबिक चिखलदरा से करीबन 75 किलोमीटर दूरी पर रायपुर मार्ग से रेट्याखेडा गांव कोर इलाके में आता है. इस घने जंगल में मुन्ना झापू जामुनकर नामक किसान का खेत है. हर दिन की तरह सोमवार की शाम 7 बजे खाना खाने के बाद पति-पत्नी अपने खेत में फसलों की देखरेख के लिए जा रहे थे. खेत में पहुंचने पर मुन्ना जामुनकर को भैंस के पास कुत्ते के भौंकने की आवाज आई, इस कारण मुन्ना ने उस दिशा में टॉर्च मारकर देखा, तब अचानक पट्टेदार बाघ ने मुन्ना जामुनकर पर हमला कर दिया. पट्टेदार बाघ का हमला होते ही किसान की पत्नी चीखती हुई वहां से अपनी जान बचाकर भागी और गांववालों को सहायता के लिए पुकार लगाई. मुन्ना की पत्नी की आवाज सुनकर ग्रामवासी खेत की तरफ दौड पडे. नागरिकों की आवाज सुनकर बाघ वहां से जंगल की तरफ भाग गया. बाघ के हमले में किसान मुन्ना जामुनकर गंभीर रुप से घायल हो गया था. उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल अमरावती जिला अस्पताल रेफर किया गया. पट्टेदार बाघ ने किसान मुन्ना के पैर, हाथ और सिर पर हमला किया. इस हमले में वह गंभीर रुप से घायल हो गया है. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का दल भी घटनास्थल पहुंच गया. उन्हीं की सहायता से जख्मी किसान को अमरावती जिला अस्पताल पहुंचाया गया. इस घटना से रेट्याखेडा गांव सहित आसपास के गांव में दहशत व्याप्त है. वन विभाग के दल ने क्षेत्र में गश्त बढा दी है.

Back to top button