‘कांदे-पोहे’ में ही फरार हुई लुटेरी दुल्हन

2.5 लाख ठगी; पूरी गैंग गिरफ्तार

यवतमाल/दि.17 – शादी का सपना दिखाकर युवकों को जाल में फंसाने वाली एक अंतरजिला गैंग का पर्दाफाश हुआ है. घाटंजी पुलिस ने कथित लुटेरी दुल्हन सिमरन पाटिल समेत उसकी मां, भाई और दो साथियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि गैंग ने नासिक जिले के एक किसान से 2.5 लाख रुपये ठग लिए.
जानकारी के मुताबिक नासिक जिले के नांदगांव तालुका के बानगांव निवासी किसान अविनाश कवड़े शादी के लिए लड़की की तलाश में थे. ऑनलाइन माध्यम से उनका संपर्क घाटंजी तालुका के चोरंबा गांव की सिमरन पाटिल से कराया गया. लड़की पक्ष ने खुद को गरीब बताकर शादी का पूरा खर्च लड़के से कराने की शर्त रखी. 10 फरवरी 2026 को कवड़े लड़की से मिलने चोरंबा पहुंचे. बातचीत के दौरान आरोपियों ने शादी पक्की करने से पहले बड़ी रकम देने का दबाव बनाया. विश्वास में लेकर उनसे 2 लाख 50 हजार रुपये ले लिए गए. पैसे मिलते ही सिमरन पाटिल, उसकी मां आशा पाटिल और भाई करण पाटिल पोहे लाने का बहाना बनाकर स्कूटी से फरार हो गए. उनके दो साथी भी मौके से निकल गए. कुछ देर बाद सभी मोबाइल बंद मिले तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ. पीड़ित ने घाटंजी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
* पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी सिमरन पाटिल पहले भी एक किसान से मारपीट कर उसकी बाइक छीनने के मामले में आरोपी रह चुकी है. उस घटना के बाद पीड़ित किसान ने 14 जून 2025 को आत्महत्या कर ली थी. सिमरन हाल ही में जमानत पर बाहर आई थी और फिर से ठगी का नया तरीका अपनाया. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गैंग ने महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में भी इसी तरह शादी के नाम पर लोगों को ठगा है या नहीं.

Back to top button