जिरेमाली समाज संस्था की सिंहावलोकन बैठक एवं शिवजयंती कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न
डिजिटल वधू-वर परिचय मेले से समाज को मिली नई दिशा, 73 हजार रुपये की बचत

अमरावती/दि.21 – जिरेमाली समाज बहुउद्देशीय संस्था, अमरावती द्वारा वधू-वर परिचय मेळावा-2025 की सिंहावलोकन बैठक एवं शिवजयंती कार्यक्रम पिंपलखुटा स्थित अविनाश भोजापुरे के खेत परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. कार्यक्रम की अध्यक्षता अकोट के प्रख्यात उद्योगपति ज्ञानदेवराव चवाळे ने की.
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले तथा संत गाडगे महाराज सहित संत-महापुरुषों की प्रतिमाओं के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से किया गया. बैठक में संस्था के सचिव पंकज सपकाल ने वधू-वर परिचय मेले का विस्तृत आय-व्यय प्रस्तुत करते हुए बताया कि डिजिटल एवं मितव्ययी आयोजन के कारण सभी खर्चों के बाद संस्था के पास 73 हजार रुपये की बचत हुई है. उन्होंने बताया कि ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस मेले में देशभर से समाजबंधु जुड़ते हैं, जिससे युवक-युवतियों को योग्य जीवनसाथी मिलने में सहायता मिल रही है और समाज में एकता मजबूत हो रही है.
शिवजयंती के अवसर पर बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए हौजी, पासिंग द बॉल, म्यूजिकल चेयर एवं उखाणे जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में गायत्री भोजापुरे, प्रमोद बोरकर, माहेश्वरी ताडे, संगिता नागोलकर, जान्हवी बोरकर, स्नेहल नांदगावकर, प्रियंका झिमटे सहित कई प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए. इस अवसर पर समाज के विभिन्न कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का शाल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया. कार्यक्रम में वासुदेव बोराडे, लक्ष्मणराव सुलोकार, प्रकाश मारोटकर, दिनकरराव तानकर, शिवाजीराव नांदगावकर सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन अविनाश भोजापुरे ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था के सचिव पंकज सपकाल ने किया.





