अशोक खरात का पीसीआर 29 मार्च तक बढा
पुलिस कस्टडी दौरान सुनवाई में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे

नाशिक/दि.24 – महिलाओं के कथित यौन शोषण मामले में आरोपी स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात की पुलिस हिरासत अवधि को बढाते हुए उसेे नाशिक सत्र न्यायालय ने 29 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. इससे पहले आज पुलिस हिरासत की अवधि खत्म होने के बाद मंगलवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया था तथा पुलिस ने खरात से पूछताछ हेतु पीसीआर की अवधि बढाकर दिए जाने की मांग की थी. जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया.
आज नाशिक के जिला व सत्र न्यायालय में खरात मामले की सुनवाई के दौरान भारी भीड़ रही, जिसे ध्यान में रखते हुए अदालत परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. वहीं अदालत में पेशी से पहले आरोपी अशोक खरात को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, उसके बाद कोर्ट में पेश किया गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों ही स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.
सुनवाई के दौरान विशेष जांच दल की ओर से पेश अधिकारी ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, आरोपी अशोक खरात महिलाओं को पेड़ा और पानी में नशिले पदार्थ देकर उन्हें अस्वस्थ करता था, जिसके बाद कथित रूप से उनका शोषण किया जाता था. अशोक खरात खुद को सिद्ध पुरुष बताकर लोगों को झांसे में लेता था. वहीं इस समय सरकारी पक्ष ने अदालत में बताया कि, आरोपी के पास से 6.53 लाख नकद और लैपटॉप बरामद करने के साथ ही काले रंग का रिवॉल्वर और 31 कारतूस भी बरामद किए गए है. जिसमें से 5 कारतूस को फायर किया गया था. इस फायरिंग को लेकर नरबलि की आशंका भी जताई गई और कहा गया कि, आरोपी द्वारा सांप व वाघ जैसे जानवरों का इस्तेमाल कर डर का माहौल बनाया जाता था, अत: इस मामले में वन्यजीव कानून उल्लंघन की भी जांच संभव हो सकती है.
उधर दूसरी ओर आरोपी अशोक खरात की ओर से पैरवी करते हुए बचाव पक्ष ने कहा कि अब तक पर्याप्त जांच हो चुकी है और आगे की पूछताछ न्यायिक हिरासत में भी की जा सकती है. इसलिए पुलिस हिरासत बढ़ाने की जरूरत नहीं है. ऐसे में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 29 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया. इस समय अदालत द्वारा पूछे गए सवालों पर आरोपी ने कहा कि उसे सांप या वाघ से जुड़े आरोपों की कोई जानकारी नहीं. वह केवल धार्मिक अवसरों पर मंदिर जाता था. पुलिस पूछताछ में वह पहले ही सभी सवालों के जवाब दे चुका है.
बता दें कि, अशोक खरात के खिलाफ अब तक पांच महिलाओं व एक पुरुष द्वारा दी गई शिकायतों के आधार पर कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके है. जिसके बाद अशोक खरात की करोड़ों की संपत्ति और नेटवर्क भी जांच के दायरे में है. वहीं आज अदालत में हुई सुनवाई के बाद मामला और गंभीर हो गया है. जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और अन्य संभावित आपराधिक पहलुओं की गहराई से जांच कर रही हैं.





