कैबिनेट बैठक में अमरावती के लिए बड़ी सौगात

नवसारी में प्रशस्त क्रीडा संकुल को मिली मंजूरी

* 16,708 चौरस मीटर में साकार होगा शानदार खेल संकुल
* किसानों को सिंचाई और दिव्यांग विद्यार्थियों छात्रवृत्ति वृद्धि पर भी हुआ फैसला
मुंबई/अमरावती/दि.1 – राज्य मंत्रिमंडल की आज हुई बैठक में अमरावती शहर सहित जिले के लिए एक बडी सौगात दी गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंत्रिमंडल ने अमरावती महानगरपालिका को नवसारी क्षेत्र में 16,708 वर्गमीटर जमीन खेल संकुल के लिए देने को मंजूरी दी है. इस फैसले से जिले के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
राज्य सरकार की आज बुधवार 1 अप्रैल को हुई महत्वपूर्ण मंत्रिमंडल बैठक में आम जनता, किसानों, खिलाड़ियों और दिव्यांग विद्यार्थियों के हित में 6 बड़े फैसले लिए गए. सरकार के इन निर्णयों से राज्य के विभिन्न वर्गों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. कैबिनेट बैठक में जलसंपदा विभाग के अंतर्गत अहिल्यानगर जिले की साकलाई उपसा सिंचन योजना के लिए 1,234 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है. इस परियोजना से 32 सूखा प्रभावित गांवों को लाभ मिलेगा और करीब 9,600 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी. साथ ही पर्यावरण विभाग के तहत राज्य में महाराष्ट्र नदी पुनरुज्जीवन प्राधिकरण स्थापित करने का निर्णय लिया गया है. इसके माध्यम से 54 प्रदूषित नदी क्षेत्रों के पुनर्जीवन के लिए विशेष परियोजनाएं चलाई जाएंगी.
इसके अलावा सामाजिक न्याय विभाग के तहत अनुसूचित जाति आरक्षण के उपवर्गीकरण पर विचार करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी. वहीं राजस्व विभाग में पद संरचना में बदलाव को मंजूरी दी गई है. जिसके चलते भूमि अभिलेख विभाग में ‘भूकरमापक’ पद का नाम बदलकर ‘परिरक्षण भूमापक’ किया जाएगा. यह पद पदोन्नति और विभागीय भर्ती से भरा जाएगा, जिससे कर्मचारियों को लाभ मिलेगा.
इन सबके साथ ही दिव्यांग कल्याण विभाग के अंतर्गत 8वीं से 12वीं तक के दिव्यांग विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति राशि बढ़ाने का फैसला लिया गया है. 12 साल बाद हुई इस बढ़ोतरी से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी. कुल मिलाकर, सरकार के इन फैसलों को जनहितकारी माना जा रहा है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
* सरकार ने अपनी जमीन सौंपी अमरावती मनपा को
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, नवसारी परिसर में राज्य सरकार ने अपनी मिल्कीयत वाली जमीन पर मनपा के जरिए बीओटी तत्व पर एक मार्केट बनवाया था. उस समय अमरावती मनपा ने उक्त जमीन को राज्य सरकार से मांगा था. जिसकी ऐवज में सरकार ने एक निर्धारित रकम अदा करने हेतु कहा था. जिसके बाद अमरावती मनपा ने अपनी खास्ताहाल आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए रकम अदा करने में असमर्थता जताई थी. हालांकि उस जगह के प्रबंधन और देखभाल का जिम्मा अमरावती महानगर पालिका द्वारा ही संभाला जा रहा था, जहां पर विगत मनपा चुनाव के समय मतगणना का काम भी हुआ था. आज उसी जमीन को राज्य सरकार ने अमरावती मनपा के सुपूर्द करने का निर्णय लिया है और वहां पर 16,708 चौरस मीटर क्षेत्रफल में क्रीडा संकुल साकार करने को मंजूरी दी है.

 

Back to top button