9 महीने के मासूम के जबड़े में फंसा बटन, डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर निकाला

दर्यापुर /दि.18 – शहर में एक 9 महीने के बच्चे के साथ हुई गंभीर घटना में डॉक्टरों की तत्परता से उसकी जान बच गई. बच्चे के जबड़े (मुंह के अंदरूनी हिस्से) में फंसा बटन सफलतापूर्वक निकाल लिया गया और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार बच्चे के मुंह में खेलते-खेलते कपड़े का बटन फंस गया था, जिससे उसे सांस लेने और दूध पीने में तकलीफ होने लगी. परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे. मामला जटिल होने के कारण बालरोग विशेषज्ञ और शल्य चिकित्सक की संयुक्त टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया. डॉक्टरों ने आधुनिक उपकरणों और विशेष तकनीक की मदद से जबड़े में गहराई से फंसे विदेशी पदार्थ को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला. मुंह का हिस्सा बेहद संवेदनशील होने के कारण जरा-सी चूक से गंभीर चोट या संक्रमण का खतरा था. करीब एक घंटे चली प्रक्रिया के बाद बटन सुरक्षित निकाल लिया गया. पूरी प्रक्रिया के दौरान बच्चे को किसी प्रकार की आंतरिक चोट नहीं पहुंची.
* हालत स्थिर, उपचार जारी
डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की स्थिति अब सामान्य है और एहतियात के तौर पर उसे निगरानी में रखा गया है. समय पर उपचार मिलने से बड़ा खतरा टल गया. इस घटना को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकों ने माता-पिता से अपील की है कि छोटे बच्चों के आसपास बटन, सिक्के, पिन या अन्य छोटी वस्तुएं न रखें, क्योंकि बच्चे उन्हें मुंह में डाल लेते हैं, जिससे दम घुटने जैसी गंभीर स्थिति बन सकती है.

Back to top button