मनपा की आमसभा में स्वच्छता समिति व 4 विषय समितियों का हुआ गठन
स्वच्छता समिति में संशोधन कर महिला पार्षदों को भी किया गया शामिल

* चारों विषय समितियों में भाजपा सहित मनपा की सत्ता में शामिल राकांपा व युवा स्वाभिमान का दबदबा
अमरावती /दि.17- अमरावती महानगर पालिका की आज बुलाई गई दूसरी आमसभा में एक बार फिर शहर में व्याप्त कचरे व गंदगी की समस्या तथा साफ-सफाई के अभाव के मामले की गूंज रही. साथ ही साथ विगत विशेष सभा के बाद मनपा द्वारा गठित की गई स्वच्छता समिति में एक भी महिला पार्षद का समावेश नहीं रहने का मामला भी गूंजा. जिसके बाद आज स्वच्छता समिति का पुनर्गठन करते हुए इस समिति में कुछ महिला पार्षदों को भी शामिल किया गया. साथ ही साथ आज की आमसभा में विधि, शहर सुधार, शिक्षा तथा महिला व बाल विकास जैसी 4 समितियों के भी गठन को मंजूरी दी गई. जिसके लिए सभी गट नेताओं ने पक्षीय बलाबल के अनुसार अपनी-अपनी पार्टियों के सदस्यों को नामित किया. जिसके उपरांत चारों विषय समितियों में 9-9 सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई. साथ ही 9 सदस्यों का समावेश रहनेवाली वृक्ष प्राधिकरण समिति का भी गठन किया गया.
बता दें कि, विगत 28 फरवरी को साफ-सफाई के मुद्दे को लेकर मनपा की विशेष सभा बुलाई गई थी. जिसमें पूरा दिन 8 से 9 घंटे तक मंथन करने के बाद सर्वदलिय स्वच्छता समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया था. परंतु लंबा अरसा बित जाने के बावजूद समिति के गठन का मामला अधर में लटका पडा था. वहीं 17 मार्च को होनेवाली दूसरी आमसभा से ऐन पहले मनपा के सत्तापक्ष द्वारा स्वच्छता समिति के गठन की घोषणा की गई थी. जिसमें अलग-अलग दलों से वास्ता रखनेवाले गट नेताओं व स्वीकृत पार्षदों का भी समावेश था. परंतु इस समिति में एक भी महिला पार्षद को शामिल नहीं किया गया था. जिसे लेकर काफी होहल्ला मचा था और महिला पार्षदों ने मनपा द्वारा अपनी अनदेखी किए जाने का आरोप भी लगाया था. साथ ही पिछली विशेष सभा से लेकर आज होनेवाली आमसभा के बीच साफ-सफाई के मुद्दे और सफाई ठेकेदार की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार हंगामा मचता रहा. जिसके चलते यह तय था कि, आज होनेवाली आमसभा में इन्हीं दो मुद्दों पर सभागृह के सभी सदस्यों का मुख्य फोकस रहेगा और आज आमसभा के शुरु होते ही यह संभावना पूरी तरह से सही भी साबित हुई.
आज सुबह मनपा मुख्यालय स्थित विश्वरत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर सभागार में आमसभा के प्रारंभ होते ही सबसे पहले सफाई ठेके और स्वच्छता समिति के गठन के मुद्दे पर ही चर्चा हुई. जिसके बाद सभा के पीठासीन सभापति व महापौर श्रीचंद तेजवानी ने नए सिरे से स्वच्छता समिति का गठन करने की बात कही. जिसके उपरांत विगत दिनों गठित की गई स्वच्छता समिति में संशोधन करते हुए समिति सदस्यों के नामों में थोडाबहुत फेरबदल किया गया और समिति में कुछ महिला पार्षदों का भी समावेश किया गया. जिसके चलते अब नए सिरे से गठित स्वच्छता समिति में स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, सभागृह नेता चेतन गावंडे, नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, स्वीकृत पार्षद अनिल अग्रवाल, एड. प्रशांत देशपांडे, भोजराज काले, दिनेश बूब व संजय हिंगासपुरे सहित पार्षद संजय नरवणे, नूतन भुजाडे, सुरेखा लुंगारे, मिलिंद चिमोटे, बबलू शेखावत, ज्ञानेश्वर नाना आमले, प्रशांत वानखडे, अजय जयस्वाल, शेख हमीद शेख वायद, नजीम खान, मंगेश मनोहरे, डॉ. राजेंद्र तायडे का समावेश किया गया है.
इसके साथ ही आज हुई मनपा की आमसभा में मनपा की चार विषय समितियों का भी गठन किया गया. जिसके लिए सभी गटनेताओं से चारों विषय समितियों में नियुक्त किए जानेवाले सदस्यों के नामों को लेकर सुझाव मांगे गए और गटनेताओं से सदस्यों के नाम मिलते ही चारों विषय समितियों के गठन की घोषणा की गई. जिसके चलते आज की आमसभा में मनपा की विधि, शहर सुधार, शिक्षा तथा महिला व बाल विकास समिति का गठन करने के साथ-साथ वृक्ष प्राधिकरण समिति के गठन को भी मंजूरी प्रदान की गई. 9-9 सदस्यों का समावेश रहनेवाली मनपा की विषय समितियों में भाजपा सहित सत्ता पक्ष में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी व युवा स्वाभिमान पार्टी का साफ तौर पर दबदबा दिखाई दिया. 9-9 सदस्य रहनेवाली सभी विषय समितियों में भाजपा के 3-3, कांग्रेस के 2-2 तथा युवा स्वाभिमान, राकांपा, एमआईएम व शिवसेना-बसपा गट के 1-1 सदस्यों का समावेश है.
* किस समिति में किस पार्टी के किन पार्षदों का समावेश
– विधि समिति
भाजपा – सुनीता लोणारे, मधुरा कहाले, शारदा खोंडे.
कांग्रेस – धीरज हिवसे, मो. रेहान मो. यासीन.
युवा स्वाभिमान – अर्चना पांडे.
राकांपा – मनीष बजाज.
शिवसेना-बसपा गट – स्नेहा लुल्ला.
एमआईएम – बीबी बतूल ताहेर शाह. – शहर सुधार समिति
भाजपा – राधा कुरील, प्रदीप उर्फ बंडू हिवसे, लवीना हर्षे.
कांग्रेस – संजय शिरभाते, अफजर जहां सादिक शाह.
युवा स्वाभिमान – सुमती ढोके.
राकांपा – प्रशांत उर्फ गुड्डू धर्माले.
शिवसेना-बसपा गट – संजय गव्हाले.
एमआईएम – कुबराबानो करामत अली. – शिक्षा समिति
भाजपा – ऋषिकेश देशमुख, पूजा अग्रवाल, वंदना मडघे.
कांग्रेस – विशाल वानखडे, सुनीता भेले.
युवा स्वाभिमान – प्रीति रेवणे.
राकांपा – प्रमोद महल्ले.
शिवसेना-बसपा गट – सचिन वैद्य.
एमआईएम – फहरा नाज सैयद मीर आहद अली. – महिला बाल कल्याण समिति
भाजपा – नूतन भुजाडे, सुरेखा लुंगारे, लता देशमुख.
कांग्रेस – अर्चना आत्राम, लुबना तनवीर सै. मखदुम.
युवा स्वाभिमान – रजनी डोंगरे.
राकांपा – ममता आवारे.
शिवसेना-बसपा गट – विद्या माटे.
एमआईएम – डॉ. मरीयम राराणी. – वृक्ष प्राधिकरण समिति
भाजपा – संजय नरवणे, बंडू उर्फ प्रदीप हिवसे, माधुरी ठाकरे.
कांग्रेस – मालता गवई, अनिता काले.
युवा स्वाभिमान – महेश मुलचंदानी.
राकांपा – चंद्रकांत खेडकर
शिवसेना-बसपा गट – रेखा तायवाडे.
एमआईएम – शेख हमीद शेख वाहेद.





