इधर कंम्लेंट, तुरंत थानेदार को फोन
सीपी राकेश ओला का पहला जनता दरबार

* 22 लोग, महिलाएं पहुंची दरख्वास्त लेकर
* एक्शन लेने के तडका फडकी आदेश
अमरावती/ दि. 7- नये पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने आज से प्रत्येक शनिवार सामान्य लोगों हेतु जनता दरबार का आयोजन प्रारंभ किया है. इसी कडी में आज आयुक्तालय में लगा पहला दरबार तो करीब दो दर्जन शिकायतकर्ता अपनी गुहार लेकर सीपी के पास पहुंचे. आयुक्त ओला ने भी बढिया प्रतिसाद देकर लगे हाथ संबंधित थानेदार को फोन पर एक्शन के निर्देश दे दिए. कई शिकायतकर्ता पुलिस आयुक्त के तुरंत रिस्पॉन्स से बडे प्रभावित हुए और उनके चेहरे पर संतोष झलक रहा था.
आयुक्तालय में आयोजित पहले जनता दरबार में सीपी राकेश ओला के साथ तीनों डीसीपी, एसीपी और कार्यालयीन काम करनेवाले अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे. करीब 20-22 शिकायतकर्ता अपनी गुहार लेकर पहुंचे थे. उनमें महिलाएं भी थी. पुलिस आयुक्त ने एक- एक कर लोगों की दरख्वास्त पढी. उनकी शिकायत का पूरा मामला समझा. उसके कागजात देखे फिर तुरंत संबंधित थानेदार को कॉल किया. शिकायतकर्ता की गुहार पर एक्शन लेने के स्पष्ट निर्देश दिए. जिससे शिकायतकर्ता को बडा समाधान होता देखा गया. समाचार लिखे जाने तक जनता दरबार चल रहा था. सीपी राकेश ओला एक- एक व्यक्ति की शिकायत गौर से सुन रहे थे. काफी लोग अपनी गुहार लेकर आए थे. उनका आरोप था कि संबंधित थानेदार या कर्मचारी उचित कार्रवाई नहीं कर रहे हैं. उसी प्रकार अनेक ने अपनी जमीन कब्जाने की कोशिश और इस प्रकार की शिकायतें लायी थी.