दस्तुर नगर परिसर के टॉवर बिल्डिंग में लगी आग
बडा हादसा टला, अनेक विद्युत मीटर का हुआ विस्फोट

अमरावती/ दि. 28 –राजापेठ थाना क्षेत्र के दस्तुर नगर परिसर में गुरूवार की देर रात एक टॉवर बिल्डिंग में आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. किसी तरह नागरिक अपनी जान बचाने के लिए इमारत से बाहर निकलने में सफल हुए. घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा और अथक परिश्रम कर आग को काबू में कर लिया.
जानकारी के मुताबिक पुराना बायपास रेाड स्थित दस्तुर नगर चौक के पास टॉवर बिल्डिंग में गुरूवार 26 जनवरी की मध्यरात्रि को अचानक आग लग गई. आग लगने की जानकारी नगरसेवक महेश मूलचंदानी ने रात 1.20 बजे अग्निशमन दल को दी. जानकारी मिलते ही दमकल कर्मी तत्काल घटनास्थल आ पहुंचे. यह आग टॉवर बिल्डिंग परिसर में लगे विद्युत मीटर और मुख्य केबल में शार्टसर्किट के कारण लगी. इस आग से विद्युत मीटर और मेन केबल जलकर राख हो गया. लेकिन इस दौरान पूरी टॉवर बिल्डिंग में देर रात अफरा तफरी मच गई. सभी लोग बिल्डिंग से बाहर अपनी जान बचाने के लिए निकलने लगे. दूसरी तरफ दमकल कर्मियों ने अथक परिश्रम कर आग को काबू में कर लिया और आसपास का परिसर आग की चपेट में आने से बचा लिया. जिससे बडा अनर्थ टल गया. इस घटना में कोई जीवित हानि नहीं हुई. लेकिन सभी मीटर जलकर राख होने से काफी नुकसान हो गया. दमकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे विद्युत उपकरणों और वायरिंग की नियमित जांच कराए. ताकि इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके.





