20 रुपये के उधार को लेकर विवाद में दोस्त ने दोस्त के गले पर किया हमला

आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार, पिंपरी-चिंचवड क्षेत्र की घटना

पुणे /दि.27: महज 20 रुपये के उधार को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक ने अपने ही दोस्त के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस सनसनीखेज घटना से पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को कुछ ही घंटों में लातूर से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविंद्र ज्ञानेश्वर गायकवाड़ और सत्यजित उर्फ सोन्या कांबले आपस में परिचित और घनिष्ठ मित्र थे. बुधवार रात करीब आठ बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई. विवाद बढ़ने पर सत्यजित ने कथित तौर पर 20 रुपये उधार का मुद्दा उठाया और गुस्से में आकर धारदार हथियार से रविंद्र के गले पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गंभीर रूप से घायल रविंद्र को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पिंपरी पुलिस मौके पर पहुंची. हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गया था. पुलिस ने तुरंत विशेष टीम गठित कर तलाश अभियान शुरू किया और तकनीकी जानकारी के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपी सत्यजित कांबले को लातूर से गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि दोनों युवक रोज साथ उठते-बैठते थे और उनकी दोस्ती की मिसाल दी जाती थी. लेकिन मामूली रकम को लेकर हुई यह घटना दोस्ती के रिश्ते को खून से रंग देने वाली साबित हुई. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. वहीं इस घटना ने छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर समाज में चिंता भी बढ़ा दी है.

Back to top button