17 मार्च को निकलेगा भव्य ‘सामूहिक गणगौर बिंदोरा

गौड ब्राह्मण समाज व महिला मंडल का आयोजन, 27 वर्षों से जारी परंपरा

अमरावती /दि.12 – विगत 27 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत गौड़ ब्राह्मण समाज एवं गौड ब्राह्मण महिला मंडल के संयुक्त तत्वाधान में इस वर्ष भी भव्य सामूहिक गणगौर बिंदोरा और शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है. यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन आगामी मंगलवार, 17 मार्च को आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में राजस्थानी समाज की महिलाएं, युवतियां और श्रद्धालु भाग लेंगे. इस आयोजन को विदर्भ क्षेत्र का सबसे बड़ा गणगौर उत्सव माना जाता है. इस भव्य शोभायात्रा का राजस्थानी समाज की महिलाएं पूरे वर्ष बेसब्री से इंतजार करती हैं.
यह शोभायात्रा प्रभात टॉकीज के पास स्थित घंटाघर मंदिर परिसर से 17 मार्च को शाम 5 बजे प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी. जिसके उपरांत यह यात्रा बापट चौक, सरोज चौक, जवाहर गेट, सक्करसाथ चौक से होते हुए छत्रपुरी बालाजी मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी. इस शोभायात्रा के अंतर्गत महिलाओं और युवतियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है. जिसके तहत गणगौर एवं महिला सजावट प्रतियोगिता (इसमें गणगौर का पारंपरिक स्वरूप धारण करने वाली महिलाएं और युवतियां भाग लेंगी) व संपूर्ण राजस्थानी श्रृंगारित महिला प्रतियोगिता (जिसमें पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा और श्रृंगार के आधार पर चयन किया जाएगा) जैसी प्रमुख प्रतियोगिताओं का समावेश है.
गौड़ ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष मनीषा दीक्षित के नेतृत्व में मंडल की टीम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात तैयारियों में जुटी हुई है. आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंडल की सदस्याएं और समाज के पदाधिकारी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं. जिनमें सीमा चौबे, तारा जोशी, सरोज पुरोहित, रंजना मानका, पुष्पा मानका, सुषमा शर्मा, भाग्यश्री टोलीवाल, अलका शर्मा, मीना चौबे, मंजू तिवारी, लोकेश्वरी शर्मा, रंजना महर्षि, सुनीता मानका, मर्यादा शर्मा सहित गौड़ ब्राह्मण सभा, सलाहकार समिति, महिला मंडल, युवती मंडल और नवयुवक मंडल के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का समावेश है. आयोजकों ने समाज की सभी राजस्थानी महिलाओं और नागरिकों से पारंपरिक वेशभूषा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य गणगौर शोभायात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया है.

Back to top button