बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्र में उजागर हुई लोमहर्षक घटना
अलमास नगर में खुले प्लॉट से मिला नवजात बच्ची का शव

* प्लास्टीक की पन्नी में भरकर कचरे के ढेर पर फेंकी गई थी लाश
* शव के आधे से अधिक हिस्से को कुत्ते खा गए, कई अंग मिले कटे-फटे
* सडीगली अवस्था में पहुंच गई थी लाश, सूचना मिलते ही पुलिस का दल पहुंचा मौके पर
* बच्ची की आयु एक से डेढ माह रहने का अनुमान, शव कब व किसने फेंका जांच जारी
अमरावती/दि.19 – शहर के बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत अलमास नगर परिसर में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. एक खुले प्लॉट में कचरे के ढेर पर प्लास्टिक की पन्नी में भरी नवजात बच्ची का शव मिलने से परिसर में सनसनी फैल गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय नागरिकों को दुर्गंध आने पर उन्होंने आसपास तलाश की. इसी दौरान कचरे के ढेर में प्लास्टिक की थैली दिखाई दी. संदेह होने पर देखने पर भीतर नवजात बच्ची का शव होने का पता चला. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और पंचनामा कर शव कब्जे में लिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शव सड़ी-गली अवस्था में था तथा आवारा कुत्तों द्वारा शरीर के आधे से अधिक हिस्से को नोचने के कारण कई अंग कटे-फटे मिले. पुलिस के अनुसार बच्ची की उम्र लगभग एक से डेढ़ माह के बीच होने का अनुमान है. शव कब और किसने यहां फेंका, इसका पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. घटना के बाद परिसर में भारी आक्रोश व्याप्त है और नागरिकों ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.





