सावंगा विठोबा में गुढ़ीप़ाडवा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
72 फुट उंचे झंडे को खोल चढा ने का रोमहर्षक समारोह हुआ संपन्न

चांदूर रेलवे/दि.19 – तहसील के प्रसिद्ध श्रीक्षेत्र सावंगा विठोबा में गुढ़ीप़ाडवा-रामनवमी यात्रा महोत्सव की शुरुआत 18 मार्च से उत्साहपूर्वक हो चुकी है. 19 मार्च को गुढ़ीप़ाडवा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
यात्रा का मुख्य आकर्षण 72 फीट ऊंचे ध्वजों पर नया कपड़ा (खोल) चढ़ाने का पारंपरिक और रोमांचक समारोह रहा. दोपहर 4 बजे संस्थान के विश्वस्त चरणदास कांडलकर के हाथों महाराज की समाधि का विधिवत पूजन कर दोनों ध्वजों पर नया कपड़ा चढ़ाया गया. इस दौरान ध्वजों को जमीन का स्पर्श न हो, इसके लिए रस्सियों की मदद से सावधानीपूर्वक पुराना कपड़ा हटाकर नया चढ़ाया गया. अखंड कपूर ज्योति, टाल-मृदंग की ध्वनि और अवधूत भजन मंडलों के सुमधुर भजनों से वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया. हजारों-लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में यह भव्य आयोजन संपन्न हुआ.
18 मार्च को सुबह मंदिर और गांव परिसर की स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा अमावस्या के अवसर पर शाम को चंदन-उटी व रमणा कार्यक्रम आयोजित किया गया. गुढ़ीप़ाडवा के दिन बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए संस्थान की ओर से अन्नदान (प्रसाद) की व्यवस्था की गई. साथ ही अमरावती, चांदूर रेलवे, बडनेरा और नेर (परसोपंत) डिपो से एसटी बसों की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यह यात्रा महोत्सव 27 मार्च तक चलेगा. श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में भाग लेने तथा शांति, सुव्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने की अपील श्री विठोबा संस्थान की ओर से की गई है. यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा कड़ा बंदोबस्त किया गया है.