मनपा की जनसंवाद बैठक में जमकर पहुंची शिकायते
262 में से 108 शिकायतों का हुआ ऑन द स्पॉट निवारण शेष

* 154 में से 109 शिकायतें थी हाऊस टैक्स से संबंधित, सुनवाई हुई
* शेष शिकायतों पर आगामी शुक्रवार को होगी सुनवाई
अमरावती/दि.24 – शहर के विभिन्न प्रभागों में रहनेवाले नागरिकों की ओर से मिलनेवाली शिकायतों का निवारण करने हेतु मनपा प्रशासन द्वारा आज मनपा मुख्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहनेवाले नागरिकों की ओरसे 262 शिकायते प्राप्त हुई. जिसमें से 108 शिकायतों का ऑन द स्पॉट निवारण कर दिया गया. वहीं शेष 154 में से हाऊस टैक्स से संबंधित 109 शिकायतों पर मनपा के पदाधिकारियों व अधिकारियों द्वारा सुनवाई की गई. इसके अलावा बची हुई शिकायतों पर आगामी शुक्रवार को सुनवाई करने का निर्णय लिया गया.
बता दें कि, आज सुबह 10.30 बजे से मनपा के भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागार में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के मद्देनजर की गई तैयारियों तहत मनपा प्रशासन द्वारा मनपा मुख्यालय की निचली मंजिल पर ही विभागनिहाय टेबल एवं स्टाल लगाए गए थे. जहां पर नागरिकों की ओर से मिलनेवाली शिकायतों में से त्वरीत हल की जानेवाली शिकायतों का ऑन द स्पॉट निपटारा किया गया. जिसके चलते कुल 262 में से 108 शिकायतों का त्वरीत निराकरण हो गया. जानकारी के मुताबिक आज मिली शिकायतों में स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, घरकुल, संपत्ती कर, पीआर कार्ड, अतिक्रमण, रास्ते व नाली, स्ट्रीट लाइट तथा गर्मी के मौसम में की जानेवाली कुओं की साफ-सफाई से संबंधित शिकायतों की भरमार रही. इसमें भी करीब 109 शिकायतें संपत्ती कर से संबंधित रही.
इस जनसंवाद अभियान में महापौर श्रीचंद तेजवानी, उपमहापौर सचिन भेंडे, मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा-चांडक, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक व महेश देशमुख, पार्षद अविनाश मार्डीकर, मंगेश मनोहरे, चंदू खेडकर, अर्चना पाटिल, आशीष अतकरे, उपायुक्त योगेश पिठे व नरेंद्र वानखडे, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर, नंदकिशोर तिखिले, गणेश शिंदे व अजय बोबडे आदि सहित अन्य कई अधिकारियों व पार्षदों का समावेश रहा. इस समय कई प्रभागों के पार्षदों ने जनसमस्याओं की सुनवाई व निपटारे के समय अपनी ओर से कुछ जरुरी सुझाव भी दिए.





