राज्य में अगले चार सप्ताह रहेगी भीषण ग्रीष्म लहर

पारा लगातार 40 से पार रहने का अनुमान

मुंबई/दि.11– अप्रैल माह में मौसम के लिहाज से राहत वाले दिन अब खत्म हो गए है तथा अब अधिकतम तापमान के बढने का अनुमान भारतीय मौसम विभाग द्वारा जताया गया है. अगले चार सप्ताह को लेकर जताए गए अनुमान के मुताबिक विदर्भ एवं मराठवाडा क्षेत्र में मई माह के प्रारंभ तक अधिकतम तापमान काफी अधिक रहने की संभावना है तथा राज्य में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सीअस से पार रहने की पूरी उम्मीद है.

* पूर्वी हवाओं का प्रभाव
शुक्रवार से पूर्व दिशा की ओर से बहकर आनेवाली हवाओं की वजह से पूरे राज्य में उष्णता बढने लगेगी, ऐसा अनुमान है. साथ ही मुंबई, ठाणे, पालघर व रायगड जिलों में 10 व 11 अप्रैल को वातावरण गर्म व उमस भरा रहेगा. साथ ही अगले 7 से 10 दिनों के दौरान पश्चिमी वातावरण में होनेवाले तीव्र बदलाओं की वजह से राज्य के तापमान में वृद्धि होने की पूरी संभावना है.

* सोमवार से हवाओं की बदलेगी दिशा
सोमवार से एक बार फिर हवाओं के बहाव की दिशा बदलने की संभावना है. जिसके चलते तटीय क्षेत्र के तापमान में थोडाबहुत उतार-चढाव दिखेगा. परंतु मंगलवार से तापमान में एक बार फिर वृद्धि होगी और तापमान में उछाल आएगा, जो अपने पहले के स्तर पर पहुंच जाएगा.

* कहां कितने तापमान का अनुमान?
– मुरबाड, महाड व तलहटी वाले क्षेत्रों में शनिवार से तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सीअस तक जा सकता है.
– खांदेश, सोलापुर, विदर्भ व मराठवाडा में रविवार तक तापमान 40 से 42 डिग्री के स्तर पर पहुंचेगा. वहीं मध्य महाराष्ट्र व कोंकण में भी तापमान बढेगा.
– शेष मध्य महाराष्ट्र व पुणे सहित आसपास के परिसर में तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सीअस तक रहने का अनुमान मौसम विशेषज्ञों द्वारा जताया गया है.

Back to top button